Mahoba News: उत्तर प्रदेश में महोबा के पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन की वर्षों से लंबित मरम्मत और पेंशनरों की समस्याओं को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों का दल पेंशनर भवन पहुंचा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के निर्देश पर पहुंचे अधिकारियों ने पेंशनरों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भवन व फिजियोथैरेपी केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। जर्जर भवन पर नाराजगी निरीक्षण दल में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह और वरिष्ठ कोषाधिकारी देव कुमार यादव शामिल रहे। अधिकारियों ने भवन परिसर में वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क फिजियोथैरेपी चिकित्सा केंद्र का भी अवलोकन किया। केंद्र प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र राजपूत ने मशीनों और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी दी। पेंशनरों ने अधिकारियों का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान पेंशनरों ने भवन की जर्जर हालत और मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई। मरम्मत के बजट का इंतजार वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के महामंत्री बी.के. तिवारी ने बताया कि पेंशनर भवन अब सिर्फ बैठकों का केंद्र नहीं है। यहां रोजाना पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंदों को निःशुल्क फिजियोथैरेपी की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग से राजस्व विभाग को भवन हस्तांतरित होने के कारण मरम्मत के लिए बजट नहीं मिल पा रहा है, इसलिए काम वर्षों से रुका है। 19 अगस्त को चेतना दिवस श्री तिवारी ने कहा कि भवन की सामाजिक उपयोगिता को देखते हुए सदर विधायक ने जिला खनिज न्यास की बैठक में मरम्मत का प्रस्ताव रखा था। पेंशनरों का आरोप है कि खनिज विभाग ने भवन की वास्तविक उपयोगिता को सही ढंग से नहीं रखा, जिससे प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। महामंत्री ने स्पष्ट किया कि पेंशनर प्रशासन से सकारात्मक संवाद चाहते हैं। लेकिन यदि खनिज विभाग का रवैया नकारात्मक रहा तो 19 अगस्त को 'चेतना दिवस' मनाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री से जिला खनिज न्यास नियमावली के अनुसार मरम्मत कार्य कराने और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। अधिकारियों ने दिया भरोसा इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष शिवकुमार त्रिपाठी, संयुक्त मंत्री जगदीश कुमार, मंडल अध्यक्ष ओ.पी. सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा सक्सेना, कानूनी सलाहकार महेश कुमार सहित तीन दर्जन से अधिक पेंशनर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ये भी पढ़ें: आबकारी नियमों की धज्जियां, कार्यालय से चंद कदम दूर आधी रात भी खुली मिली देसी शराब की दुकान