Noida Crime News: नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के पृथला, सेक्टर-122 में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाया। आरोप है कि चोर दुकानों के शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसे और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह टूटे मिले ताले जानकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें बंद करके घर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। आरोप है कि चोरों ने पहले दुकानों के शटर और ताले तोड़े, फिर अंदर घुसकर नकदी की तलाश की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।अगली सुबह दुकानदार जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें दुकानों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि नकदी चोरी हो चुकी थी। इसके बाद पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। तीसरी से नकदी चोरी दुकानदारों के मुताबिक, घटना की जानकारी 15 अक्टूबर की सुबह यूपी-112 पर कॉल करके दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तीनों दुकानदारों ने थाना सेक्टर-113 में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों को दो दुकानों में कुछ खास हाथ नहीं लगा, जबकि तीसरी दुकान में रखी नकदी चोरी कर ली गई। हालांकि, चोरी हुई रकम कितनी है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय दुकानदारों में चिंता है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस इस वारदात में शामिल लोगों तक कब पहुंचती है। ये भी पढ़ें: अजनारा होम्स में फिर अटकी लिफ्ट, 20 मिनट तक फंसे रहे दो कर्मचारी