Noida Police Action: नोएडा के थाना सेक्टर 20 में पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन और नोएडा जोन के अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 1 करोड़ 48 लाख रुपये बरामद हुए। ये रकम 500-500 रुपये के नोटों की 296 गड्डियों में थी। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई एक बिना नंबर प्लेट वाली कार Aura भी जब्त की गई है जिसका चेसिस नंबर MALB241CLTM498438 है। क्या है पूरा मामला पुलिस ने 18 अगस्त 2026 की रात 00:40 बजे रजनीगंधा चौराहे से फिल्मसिटी की ओर जाने वाले रास्ते से सभी आरोपियों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में अवनीश, पवन उर्फ शिवम, जितेन्द्र, सुमित, अनिल और नीशू शामिल हैं। सभी अलग-अलग जिलों मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और एटा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अवनीश का CA फर्म है। वह निवेशक दिलाने के नाम पर लोगों से पैसा लेता था। वादी वासुदेव से आशीष के जरिए लिया गया पैसा जब वापस नहीं मिला तो अवनीश ने अपने 5 साथियों के साथ मिलकर सेक्टर 25 नोएडा की एक गैराज से वह पैसा चोरी कर लिया। आरोपियों को भेजा गया जेल इस मामले में 14.08.2026 को थाना सेक्टर 20 में मु0अ0सं0 340/2026 धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद इसमें धारा 317(2)/61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। पकड़े गए पवन, अनिल और जितेन्द्र के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और मारपीट जैसी धाराएं शामिल हैं। बाकी आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। ये भी पढ़ें: गार्ड के हाथ में इंजेक्शन, पास खड़े रहे डॉक्टर! नोएडा जिला अस्पताल का वीडियो वायरल