UP T20 League Season 4: आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में गत विजेता काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को 7 रन से शिकस्त देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। काशी की जीत के हीरो रहे साहब युवराज सिंह, जिन्होंने 56 गेंदों पर 91 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल स्थिति से उबारा। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई। शुरुआती झटकों के बाद साहब युवराज ने संभाला मोर्चा टॉस जीतकर कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी ने काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के दौरान ही टीम ने अभिषेक गोस्वामी (7), कप्तान करन शर्मा (8) और विकेटकीपर बल्लेबाज उपेन्द्र यादव (8) के विकेट गंवा दिए। महज 37 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद काशी पर दबाव बढ़ गया था। ऐसे मुश्किल वक्त में साहब युवराज सिंह ने पारी को संभाला। उन्होंने संयम और आक्रामकता का शानदार तालमेल दिखाते हुए 56 गेंदों पर 91 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। साहब युवराज ने शुभम चौबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। इसके बाद आखिरी ओवरों में अर्नव बालियान ने महज 12 गेंदों पर नाबाद 29 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। उनकी तेज पारी के दम पर काशी रुद्रास 167 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंची। कानपुर की ओर से अजय कुमार ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कानपुर की तेज शुरुआत, फिर लड़खड़ाई पारी 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स ने तेज शुरुआत की। प्रियांशु पांडेय ने महज 9 गेंदों पर 19 रन बनाकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। उनके आउट होने के बाद आदर्श सिंह (26) और अभिषेक पांडेय (27) ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। हालांकि, इसके बाद मुकाबले का रुख अचानक बदल गया। कानपुर ने महज छह गेंदों के भीतर आदर्श सिंह और अभिषेक पांडेय दोनों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद मध्यक्रम भी दबाव में बिखर गया और मोहम्मद अमान तथा कप्तान समीर रिजवी सस्ते में पवेलियन लौट गए, एक समय कानपुर का स्कोर 73 रन पर एक विकेट था, लेकिन 12वें ओवर की समाप्ति तक टीम 90 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। आखिरी ओवरों में बढ़ा रोमांच मुश्किल स्थिति में अनुभवी बल्लेबाज कर्ण शर्मा ने सत्यम सांगू के साथ पारी को संभालने की कोशिश की। आखिरी 24 गेंदों में कानपुर को जीत के लिए 45 रन की जरूरत थी। इसी दौरान सुनील कुमार ने कर्ण शर्मा को आउट कर काशी को अहम सफलता दिलाई। इसके बाद सत्यम सांगू ने आक्रामक अंदाज अपनाया और उसी ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाकर समीकरण 18 गेंदों में 28 रन तक पहुंचा दिया। कानपुर को आखिरी दो ओवर में 19 रन की जरूरत थी, लेकिन सुनील कुमार ने सत्यम सांगू का महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर काशी की जीत लगभग तय कर दी। सत्यम ने 22 गेंदों पर 40 रन बनाए। आखिरी ओवर में दो रन आउट ने पलटा मैच अंतिम ओवर में कानपुर सुपरस्टार्स को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। दबाव के इस दौर में काशी रुद्रास के अटल बिहारी राय ने गेंदबाजी के साथ शानदार क्षेत्ररक्षण का भी प्रदर्शन किया।उन्होंने पहली ही गेंद पर रन आउट कर काशी को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद चौथी गेंद पर एक और रन आउट कर उन्होंने कानपुर की जीत की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी। कानपुर की पूरी टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई और काशी रुद्रास ने मुकाबला 7 रन से अपने नाम कर लिया। साहब युवराज बने प्लेयर ऑफ द मैच काशी रुद्रास के लिए मुश्किल समय में 91 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले साहब युवराज सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। ये भी पढ़ें : UP T20 League Season 4 : आखिरी गेंदों में पलटा मुकाबला, नोएडा किंग्स ने गोरखपुर पर तीन विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत !