उत्तर प्रदेशराजनीति

दिव्या मित्तल की सियासी एंट्री! राजा भैया संग तस्वीर से बढ़ी हलचल

पूर्व IAS दिव्या मित्तल की सियासी एंट्री के बीच राजा भैया के साथ तस्वीर और जनसत्ता दल नेता के ट्वीट ने चर्चाएं बढ़ा दीं। हालांकि, दिव्या ने पार्टी से दूरी साफ की है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Divya Mittal-Raja Bhaiya: उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल की सियासी एंट्री के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश प्रधान महासचिव डॉ. बृजेश सिंह राजावत की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नई अटकलों को हवा दे दी है। राजावत ने दिव्या मित्तल की राजा भैया के साथ तस्वीर साझा करते हुए उनके राजनीतिक सफर का स्वागत किया और IAS अनुभव तथा राजा भैया की जमीनी पकड़ को लेकर सवाल उठाया।

तस्वीर सामने आई तो बढ़ी चर्चा

राजावत ने अपनी पोस्ट में सवाल किया कि क्या दिव्या मित्तल का प्रशासनिक अनुभव और रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की जमीनी पकड़ उत्तर प्रदेश की राजनीति में किसी नए अध्याय की शुरुआत कर सकती है। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दिव्या मित्तल के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि, फिलहाल किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की घोषणा दिव्या मित्तल ने नहीं की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह किसी पार्टी के साथ नहीं जाएंगी और स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी।

13 साल की IAS सेवा के बाद राजनीति

दिव्या मित्तल 2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी रही हैं। उन्होंने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और 15 सितंबर से वह प्रशासनिक सेवा से बाहर हो गईं। इस्तीफे के समय उन्होंने निजी कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और भविष्य के नए लक्ष्यों का उल्लेख किया था। 29 सितंबर को उन्होंने राजनीति में आने का औपचारिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी कर्मभूमि है और यहीं से उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू होगी। उन्होंने किसी राजनीतिक दल का हिस्सा बनने के बजाय स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने की बात कही है।

IIT-IIM से पढ़ाई फिर लंदन की नौकरी

दिव्या मित्तल ने IIT दिल्ली से पढ़ाई और IIM बेंगलुरु से MBA किया। पढ़ाई के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन बाद में भारत लौटकर UPSC परीक्षा पास की और प्रशासनिक सेवा में शामिल हुईं। अपने करीब 13 साल के करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वह मिर्जापुर, संतकबीरनगर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विकास और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कई काम चर्चा में रहे।

अब आगे क्या?

दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के बाद उनके चुनाव लड़ने और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अभी किसी सीट या राजनीतिक दल से जुड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में राजा भैया के साथ सामने आई तस्वीर और राजावत की टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में जरूर नई चर्चा शुरू कर दी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि प्रशासनिक अनुभव के साथ राजनीति में कदम रखने वाली दिव्या मित्तल अपनी स्वतंत्र राजनीतिक यात्रा को किस रूप में आगे बढ़ाती हैं।

ये भी पढ़ें: IAS छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, UP से नई पारी का होगा आगाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »