CM Yogi's Announcement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के कसारी मसारी इलाके का नाम बदलकर ‘कृष्णपुरी’ करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने और गरीब परिवारों के लिए आवास उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने यह ऐलान कसारी मसारी में पद्मलोक आवास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया। इससे पहले शहर पश्चिमी के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने क्षेत्र का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखने का आग्रह किया था। उन्होंने इलाके में नंद सेक्टर, गोवर्धन सेक्टर और यमुना कुंज जैसी कॉलोनियों का हवाला देते हुए नाम बदलने की मांग रखी। माफिया से मुक्त जमीन पर बनेंगे गरीबों के घर सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश को अपराध और माफिया के प्रभाव से मुक्त कराने का संकल्प लिया था। उन्होंने दावा किया कि कसारी मसारी में माफिया अतीक अहमद से जुड़े लोगों के कब्जे से करीब ढाई हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई गई है। उनके मुताबिक, पहले इस जमीन पर अस्तबल बनाया गया था, जबकि अब इसका इस्तेमाल गरीबों को आवास देने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पद्मलोक आवास योजना के तहत यहां 602 आवास बनाने की योजना है। इसके साथ क्षेत्र में टाउनशिप, बाजार और जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परियोजना को प्रयागराज विकास प्राधिकरण पूरा करेगा। कानून-व्यवस्था पर भी बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए पिछली सरकारों पर अपराधियों के सामने कमजोर पड़ने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि प्रदेश में गुंडागर्दी और लोगों को धमकाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अब 14 मीटर चौड़ी सड़क जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं और क्षेत्र में आगे भी विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने प्रयागराज में राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निर्माण का भी जिक्र किया। कार्यक्रम में कई मंत्री रहे मौजूद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज लगातार बदल रहा है और विकास योजनाओं के जरिए शहर को नया स्वरूप दिया जा रहा है। कसारी मसारी का नाम बदलने की घोषणा और 602 आवासों की योजना के बाद अब क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों पर नजर रहेगी। ये भी पढ़ें: काशी में सीएम CM का बड़ा संदेश, बोले- धर्म के लिए त्याग भी, जरूरत पड़ी तो संघर्ष भी