Noida Police Action: नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के मामले में तलाश कर रहे दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.19 लाख रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर दिल्ली-एनसीआर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे बदमाश एडीसीपी अभय मिश्रा के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की देर रात सेक्टर-39 पुलिस की टीम दादरी रोड पर सेक्टर-43 स्थित नर्सरी के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की तरफ से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और स्टेलर ग्रीन पार्क की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी। बाइक फिसली तो पुलिस पर कर दी फायरिंग पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने बाइक सोमबाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर मोड़ दी। बारिश के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। उनकी पहचान दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र की मोहनपुर नूरेइलाही कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय सलमान और नॉर्थ घोंडा के सुभाष विहार निवासी 37 वर्षीय तनवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। चोरी की बाइक और नकदी बरामद पुलिस ने आरोपियों से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 2.19 लाख रुपये बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर DL 3S FT 9244 है। पुलिस के अनुसार, बाइक चोरी की है और बरामद नकदी सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित है। दोनों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे पुलिस के मुताबिक, सलमान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी समेत 48 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, तनवीर के खिलाफ इसी तरह के 44 मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। ये भी पढ़ें: शराब के नशे में दोस्त बना कातिल! पवन की हत्या कर लखनावली के पास फेंका शव