विदेश

सऊदी अरब जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानों पर रोक, 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी सभी फ्लाइट्स

सऊदी अरब में बिगड़ते हालात के चलते एअर इंडिया ने रियाद, जेद्दा और दम्माम की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दीं। यात्रियों को पूरा रिफंड मिलेगा।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Air India Flights Cancelled: सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच एअर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने रियाद, जेद्दा और दम्माम आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी गई। इस फैसले से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की बात कह रही है।

सुरक्षा हालात के चलते लिया गया फैसला

एअर इंडिया के मुताबिक, सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों और विमान चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ानें अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया गया है। एयरलाइन ने कहा कि सुरक्षित परिचालन दोबारा शुरू करने के लिए हालात का आकलन किया जा रहा है। सऊदी अरब में हाल के हमलों के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। खबर के मुताबिक, 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि 11 अन्य भारतीय घायल हुए थे।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने बताया कि भारतीय अधिकारी मृतक के परिजनों के संपर्क में हैं और घायलों की सहायता के लिए अस्पताल प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है। राजदूत के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट बंद होने के कारण एअर इंडिया और इंडिगो ने अपनी उड़ानें रद्द की थीं। वहीं, सऊदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील की उड़ानों की उपलब्धता की जानकारी दी गई थी। हालांकि, यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

यात्रियों को क्या करना चाहिए?

रियाद, जेद्दा और दम्माम के टिकट वाले यात्री रिफंड और वैकल्पिक यात्रा के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर दूसरे खाड़ी देशों के रास्ते यात्रा के विकल्प तलाशे जा सकते हैं, लेकिन पहले कनेक्टिंग फ्लाइट की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। भारतीय दूतावास ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित इमारतों में रहने और हमलों से जुड़ी तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की अपील की है। उमरा यात्रियों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे आगे की यात्रा से पहले एयरलाइन और दूतावास की ताजा आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लें।

ये भी पढ़ें: भारत मिडिल पावर नहीं बल्कि ‘पावर इन द मिडिल… जयशंकर का बड़ा बयान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »