विदेश

चीन की बढ़ती ताकत के बीच मनीला पहुंचे PM मोदी, क्या बनेगी नई रणनीति?

पीएम मोदी आसियान सम्मेलन के लिए मनीला रवाना हुए। चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच क्वाड बैठक में हिंद-प्रशांत सुरक्षा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग पर बड़े फैसलों की उम्मीद है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

ASEAN-India Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना हुए। इस दौरे को भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसकी रणनीतिक भूमिका के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के बीच क्वाड शिखर सम्मेलन भी प्रस्तावित है।

सदियों पुरानी गहरी दोस्ती

मनीला रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत की गहरी दोस्ती उसकी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दोनों पक्षों के संबंध अब व्यापार, निवेश, तकनीक, समुद्री सुरक्षा और आपसी संपर्क जैसे कई क्षेत्रों तक फैल चुके हैं। उन्होंने भारत और आसियान के सदियों पुराने सभ्यतागत रिश्तों को भी महत्वपूर्ण बताया।

व्यापार और सुरक्षा पर होगी बड़ी चर्चा

17 नवंबर को होने वाले सम्मेलन में मोदी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न देशों के नेताओं से बातचीत करेंगे। इसके अलावा व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। भारत और आसियान के 11 सदस्य देशों के बीच सालाना व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर सम्मेलन में शामिल नेताओं के लिए रात्रिभोज आयोजित करेंगे। इस दौरान मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

चीन की बढ़ती सैन्य मौजूदगी के बीच क्वाड पर नजर

इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पहलू क्वाड बैठक है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते सैन्य प्रभाव और चीन-फिलीपींस के बीच जारी तनाव के बीच इस बैठक को खास माना जा रहा है। भारत लगातार स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की वकालत करता रहा है। क्वाड बैठक में आर्थिक सुरक्षा, रणनीतिक बुनियादी ढांचे और तकनीकी सहयोग से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। सितंबर 2024 के बाद चारों देशों के नेताओं की यह पहली बैठक होगी। खास बात यह है कि इस बार सम्मेलन की मेजबानी ऐसे देश में हो रही है, जो क्वाड का सदस्य नहीं है।

रक्षा सहयोग बढ़ाने की तैयारी

भारत आसियान देशों के साथ रक्षा संबंध मजबूत करने के लिए गश्ती पोत, रडार, हेलीकॉप्टर, ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाश रहा है। हाल ही में सेबू में हुई आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को स्पष्ट किया था। अब मनीला में होने वाली बैठकों पर नजर रहेगी। सवाल यह है कि चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत और उसके रणनीतिक साझेदार हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए कौन-सी नई पहल सामने रखते हैं?

ये भी पढ़ें: 74 देशों में ठप हुई Microsoft की सेवाएं, 24 घंटे बाद लौटी Outlook-Teams की रफ्तार! कंपनी ने बताई आउटेज की असली वजह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »