Noida Traffic Diversion: छठ पूजा के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दो दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहने वाली है। 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसको लेकर गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। ऐसे में अगर आप इन तारीखों पर घर से बाहर निकलने या दिल्ली की ओर जाने की योजना बना रहे हैं तो पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर ले लें। छठ घाटों पर भारी भीड़ दरअसल, यमुना नदी के कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर-बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में छठ पूजा के आयोजन के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात को सुचारु रखने के लिए भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को जरूरत के अनुसार दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा। इन रास्तों पर लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी प्लान के मुताबिक: 1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहन: कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ भेजा जाएगा। यहां से वाहन डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर होकर दिल्ली जा सकेंगे। 2. सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर जाने वाले वाहन: इन्हें महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आगे डीएनडी और चिल्ला मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा। 3. सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 जाने वाले वाहन: कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर की तरफ भेजे जाएंगे। इसके बाद बिसरख गोलचक्कर से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। 4. फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहन: इन्हें ककराला की तरफ मोड़ा जाएगा। आगे सोरखा और बिसरख के रास्ते आवागमन किया जा सकेगा। 5. किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहन: इन्हें बिसरख की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सोरखा होते हुए पर्थला पहुंच सकेंगे। 6. पर्थला से किसान चौक जाने वाले वाहन: पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की तरफ भेजे जाएंगे। आगे बिसरख के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा। आम वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी परेशानी या जानकारी के लिए वाहन चालक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और 7065100100 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नोएडा ट्रैफिक पुलिस के एक्स हैंडल @noidatraffic पर भी अपडेट प्राप्त किए जा सकते हैं। छठ पूजा के दौरान जाम और परेशानी से बचने के लिए निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। ये भी पढ़ें: छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक का बड़ा अलर्ट! 15-16 नवंबर को कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले देख लें एडवाइजरी