उत्तर प्रदेशराजनीति

आकाश आनंद ने बिजनौर से भरी चुनावी हुंकार, 7000 करोड़ के खर्च से लेकर 13 लाख खाली पदों तक… सरकार से पूछे तीखे सवाल

बिजनौर में आकाश आनंद ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। गन्ना भुगतान, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और शिक्षा के मुद्दे उठाकर चुनावी माहौल गरमा दिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

BSP Akash Anand: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने बिजनौर के अफजलगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, बाढ़ मुआवजे, बेरोजगारी, शिक्षा और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने जनता से अपील की कि चुनाव से पहले सरकार के कामकाज का हिसाब जरूर लिया जाए।

गन्ना किसानों के बकाये पर सरकार को घेरा

आकाश आनंद ने पश्चिमी यूपी के गन्ना किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान अपनी मेहनत से गन्ना उगाते हैं, लेकिन चीनी मिलों में उनका भुगतान समय पर नहीं हो रहा। उन्होंने सवाल किया कि किसानों को अपने ही पैसे के लिए मिलों के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं? आखिर उनके बकाये का भुगतान कराने की जिम्मेदारी किसकी है?

बाढ़ से बर्बाद फसलों का मुआवजा कहां?

बिजनौर में गंगा नदी से आने वाली बाढ़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद भी किसानों की आर्थिक परेशानियां खत्म नहीं होतीं। फसलें बर्बाद होने से उन्हें लंबे समय तक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा कब मिलेगा।

7000 करोड़ के प्रचार पर सवाल

बसपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने विज्ञापन और प्रचार पर करीब 7000 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन युवाओं को रोजगार देने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लगभग 13 लाख सरकारी पद खाली हैं। साथ ही 10 से अधिक भर्ती परीक्षाओं में पेपर से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

महिला सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर भी हमला

आकाश आनंद ने महिला सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हर साल 3000 से अधिक हत्या, 65 हजार से ज्यादा दुष्कर्म और 10 हजार से अधिक अपहरण के मामले दर्ज होते हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए 25 हजार स्कूल बंद किए जाने और डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली होने का दावा किया। उनका कहना था कि सरकार बच्चों की शिक्षा और युवाओं के भविष्य के बजाय प्रचार पर ज्यादा ध्यान दे रही है।

मायावती सरकार के कार्यकाल की दिलाई याद

जनसभा में आकाश आनंद ने 2007 से 2012 तक रही मायावती सरकार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने बसपा शासन में प्रशासनिक व्यवस्था देखी है। साथ ही लोगों से सवाल किया कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों की समस्याएं दूर नहीं करने वाली सरकार को क्या दोबारा मौका मिलना चाहिए?

ये भी पढ़ें: UP की वोटर लिस्ट में बड़ा फेरबदल! 7 महीने में जुड़े 20 लाख नाम, फिर भी 2.38 करोड़ वोटरों का अंतर क्यों?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »