Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जारचा इलाके में स्कूल जाने के लिए घर से निकले चार बच्चे अचानक लापता हो गए। शाम तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिवार ने जारचा थाने में सूचना दी। मामला सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गईं। आखिरकार पुलिस ने चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिवारों के हवाले कर दिया। स्कूल में बैग छोड़कर निकले थे बच्चे जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जारचा के एक सरकारी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ने वाले चार छात्र अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। सभी की उम्र करीब 10 से 12 साल के बीच है। बताया गया कि बच्चे स्कूल पहुंचे थे, लेकिन स्कूल यूनिफॉर्म में नहीं थे। इस पर शिक्षकों ने उन्हें ड्रेस पहनकर आने के लिए कहा। इसके बाद चारों बच्चे अपना बैग स्कूल में ही छोड़कर घर लौट गए। घर से यूनिफॉर्म पहनकर और कुछ पैसे लेकर दोबारा स्कूल के लिए निकले, लेकिन इस बार उन्होंने स्कूल जाने के बजाय घूमने का प्लान बना लिया। जारचा से दादरी और फिर गाजियाबाद पहुंचे बच्चे स्कूल जाने के बजाय जारचा होते हुए दादरी पहुंचे और वहां से गाजियाबाद घूमने चले गए। घूमने के दौरान उन्हें समय का ध्यान नहीं रहा और देर हो गई। चारों के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे वे अपने परिवारों से संपर्क नहीं कर सके। CCTV की मदद से पुलिस ने किया बरामद बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही जारचा पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 9 बजे चारों बच्चे NTPC रोड के पास सकुशल मिल गए। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बच्चों को सही-सलामत देखकर परिवारों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार जताया। इस पूरे मामले में पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से चार परिवारों की चिंता दूर हो गई। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: पार्सल में छिपाकर भेजा जा रहा था 20 किलो गांजा, ग्रेटर नोएडा के वेयरहाउस में ऐसे खुला तस्करी का राज