भारत

नोएडा में प्रदूषण का बड़ा अलर्ट! सेक्टर-62 का AQI 442 पहुंचा, दिल्ली के कई इलाकों में भी सांस लेना मुश्किल

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर जारी है। नोएडा सेक्टर-62 का AQI 442 पहुंचा, जबकि दिल्ली के IIT और ITO में भी हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज हुई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Air Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। सुबह होते ही कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई। हालात ऐसे हैं कि नोएडा से लेकर दिल्ली तक लोगों को प्रदूषित हवा से राहत नहीं मिल रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों में नोएडा का सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित इलाका सामने आया है, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 442 तक पहुंच गया।

हवा हुई बेहद जहरीली

सुबह 7 बजे दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 442 रहा। वहीं, दिल्ली के IIT इलाके में 419 और ITO में 414 दर्ज किया गया। इन तीनों इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच चुकी है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के कई क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।

ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में भी बिगड़े हालात

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में AQI 361, घोड़ी बछेड़ा में 355, गौर यमुना सिटी में 318 और नॉलेज पार्क-III में 312 दर्ज किया गया। नोएडा के सेक्टर-110 में भी AQI 313 रहा। हालांकि, सेक्टर-39 में स्थिति थोड़ी बेहतर रही, जहां प्रदूषण का स्तर 287 दर्ज किया गया।

दिल्ली के IIT और ITO में भी AQI 400 पार

राजधानी दिल्ली में भी प्रदूषण का असर कम नहीं हुआ। IIT दिल्ली में AQI 419 और ITO में 414 दर्ज किया गया। चांदनी चौक में यह आंकड़ा 395, JNU में 390 और आनंद विहार में 381 रहा। वहीं, आया नगर में 359, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 348, बदरपुर में 314 और ओखला फेज-2 में 318 AQI दर्ज किया गया। इससे पहले 13 अक्टूबर को भी दिल्ली में प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी थी। उस दिन IIT इलाके का AQI 488 तक पहुंच गया था, जबकि राजधानी का औसत AQI 403 दर्ज किया गया था। AIIMS के आसपास भी यह आंकड़ा 418 रहा था।

सेहत के लिए कितना खतरनाक है AQI 400 पार?

AQI के मानकों के मुताबिक, 301 से 400 के बीच हवा को बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। गंभीर स्तर का प्रदूषण स्वस्थ लोगों की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है। वहीं, सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी हो सकती है।फिलहाल दिल्ली-NCR के प्रदूषण के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब लोगों को जहरीली हवा से राहत मिलेगी।

ये भी पढ़ें: WHO की सुरक्षित सीमा से 20 गुना ज्यादा जहरीली दिल्ली की हवा! फेफड़ों से लेकर दिल और दिमाग तक पर मंडरा रहा खतरा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »