उत्तर प्रदेशनोएडाभारत

दिल्ली-NCR से हरियाणा तक जहरीली हवा का तांडव! AQI 480 पार, एक्सपर्ट ने बताई चौंकाने वाली वजह

दिल्ली-NCR से हरियाणा तक प्रदूषण का प्रकोप बढ़ा, AQI 480 पार पहुंचा। पंचगांव बना हॉटस्पॉट। विशेषज्ञों ने PM2.5 के खतरों और सरकारी उपायों पर सवाल उठाए।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Air Quality Index: दिल्ली-NCR से लेकर हरियाणा तक वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और हरियाणा के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और शाम आसमान में स्मॉग की मोटी परत दिखाई दे रही है। कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच चुका है, जबकि कुछ जगहों पर यह 500 के करीब है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि प्रदूषण की वजह सिर्फ सड़क की धूल नहीं है। हवा में मौजूद PM2.5 के बेहद महीन कण भी लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ये कण सांस के जरिए फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली के 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर गंभीर स्थिति

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 59 में से 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। राजधानी में चांदनी चौक सबसे प्रदूषित इलाकों में रहा, जहां AQI 480 तक पहुंच गया। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 459, मथुरा रोड पर 457, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 451, DTU में 443 और आया नगर में 433 AQI दर्ज किया गया। आनंद विहार में 418, बवाना में 416, अशोक विहार और बदरपुर में 405 AQI रिकॉर्ड हुआ। वहीं द्वारका सेक्टर-8 में 366 और घुम्मनहेड़ा में 351 दर्ज किया गया।

नोएडा-गाजियाबाद में भी बिगड़े हालात

दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद की हवा भी लोगों को परेशान कर रही है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 474 तक पहुंच गया। सेक्टर-116 में 402, सेक्टर-125 में 353 और सेक्टर-1 में 335 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में AQI 432 और वसुंधरा में 405 रहा। न्यू तहसील-लोनी में 398, वेव सिटी में 396, संजय नगर में 391 और लोनी में 385 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदूषण का असर पूरे NCR में फैला हुआ है।

18 नवंबर तक स्मॉग और कोहरे की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 18 नवंबर तक दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा और स्मॉग छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के वक्त नमी का स्तर 95 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की धीमी रफ्तार और बढ़ती नमी के कारण प्रदूषक वातावरण में ही जमा हो रहे हैं। ठंड बढ़ने के साथ हवा का फैलाव कम होने से प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में फिलहाल राहत के संकेत कम दिखाई दे रहे हैं।

कृत्रिम बारिश और पानी के छिड़काव पर डॉक्टर ने उठाए सवाल

प्रदूषण से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों पर मेदांता के वरिष्ठ चेस्ट एवं थोरैसिक सर्जन डॉ. अरविंद कुमार ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कृत्रिम बारिश और पानी के छिड़काव को अस्थायी और दिखावटी उपाय बताया। डॉ. अरविंद कुमार के मुताबिक, पिछले साल क्लाउड सीडिंग के जरिए कृत्रिम बारिश कराने की कोशिश की गई थी। इस पर लाखों रुपये खर्च हुए, लेकिन बादल बिना बारिश किए आगे निकल गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली-NCR में पिछले करीब 10 वर्षों से हर साल अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में प्रदूषण की ऐसी ही स्थिति बनती है। इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए सरकार और आम लोगों को मिलकर लंबे समय तक काम करना होगा। केवल पानी का छिड़काव या कृत्रिम बारिश जैसे उपाय समस्या की जड़ खत्म नहीं कर सकते।

हरियाणा का पंचगांव बना प्रदूषण का हॉटस्पॉट

प्रदूषण का संकट सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है। हरियाणा के कई शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। गुरुग्राम का पंचगांव लगातार प्रदूषण के बड़े हॉटस्पॉट के रूप में सामने आ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बुलेटिन के मुताबिक, वीरवार को पंचगांव में AQI 388 दर्ज किया गया। इस सीजन में पांचवीं बार यह देश का सबसे प्रदूषित शहर बना। इससे पहले 22 अक्टूबर को यहां AQI 378, 4 नवंबर को 391, 7 नवंबर को 426 और 10 नवंबर को 380 दर्ज किया गया था। देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के पांच शहर शामिल रहे। पंचगांव के अलावा बहादुरगढ़ में 346, मानेसर में 338, बल्लभगढ़ में 334 और हिसार में 325 AQI दर्ज हुआ।

PM2.5 के कण बन रहे सबसे बड़ा खतरा

हरियाणा के 18 शहरों में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक के रूप में सामने आया है। पंचगांव, बहादुरगढ़, मानेसर और हिसार में इसकी मात्रा प्रमुख रही, जबकि बल्लभगढ़ में PM10 का स्तर अधिक दर्ज किया गया। PM2.5 के कणों का आकार 2.5 माइक्रोमीटर या इससे कम होता है। बेहद छोटे होने के कारण ये सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं और रक्त प्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं। इससे सांस और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। PGI चंडीगढ़ के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. रविंद्र खैवाल के मुताबिक, वाहनों का धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, कचरा और पराली जलाना तथा ईंधन का इस्तेमाल PM2.5 बढ़ने के प्रमुख कारण हो सकते हैं। वहीं, सर्दियों में हवा की गति कम होने से प्रदूषक लंबे समय तक वातावरण में बने रहते हैं। निर्माण कार्य और सड़कों से उड़ने वाली धूल PM10 के स्तर को बढ़ाती है।

हरियाणा के 13 अन्य शहरों में भी हवा खराब

हरियाणा के पांच शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में रही, जबकि 13 अन्य शहरों में भी प्रदूषण का स्तर खराब दर्ज किया गया। इनमें फतेहाबाद में 298, भिवानी में 290, नरनौल में 281, फरीदाबाद और पानीपत में 278, धारूहेड़ा में 275, सोनीपत में 254, जींद में 249 और कुरुक्षेत्र में 237 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा करनाल में 219, अंबाला में 216, रोहतक में 210 और यमुनानगर में 201 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन सभी शहरों में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। कुल मिलाकर दिल्ली-NCR और हरियाणा में प्रदूषण का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। एक तरफ स्मॉग और धीमी हवाएं राहत में बाधा बन रही हैं, तो दूसरी तरफ PM2.5 के सूक्ष्म कण स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल है कि हर साल लौटने वाले इस प्रदूषण से निपटने के लिए स्थायी समाधान कब लागू होंगे?

ये भी पढ़ें: नोएडा की हवा बनी जहरीली! AQI 400 पार, स्कूलों पर भी प्रदूषण की मार… आखिर कब मिलेगी राहत?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »