Modi vs Rahul Debate: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। राहुल ने साफ कहा कि उन्हें लंबे भाषण नहीं देने, बल्कि सीधे सवाल-जवाब करने हैं। उन्होंने यहां तक दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ खुली बहस में बैठते हैं, तो उसके बाद उनकी कुर्सी बचना मुश्किल हो जाएगा। जज के लिए दो नाम राहुल गांधी ने बहस के लिए जज के रूप में उद्योगपति गौतम अदाणी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत का नाम भी सुझाया। उनका कहना है कि दोनों नेताओं में से कोई भी इस बहस का फैसला कर सकता है। राहुल गांधी ने क्यों दी बहस की चुनौती? दरअसल, राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर आयोजित 'आस्क मी' सेशन के दौरान प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक बहस की अपनी मांग दोहराई। उनसे सवाल किया गया था कि जब भाजपा संसद को चर्चा के लिए उचित मंच बताती है, तो वह सार्वजनिक बहस पर जोर क्यों दे रहे हैं? इसके जवाब में राहुल ने आरोप लगाया कि लोकसभा में उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जाता। उन्होंने दावा किया कि सदन में उनका माइक्रोफोन तक बंद कर दिया गया था। राहुल ने कहा कि कृषि कानूनों, वोट चोरी, चीन, पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर उन्हें बोलने से रोका गया। इसी वजह से वह प्रधानमंत्री के साथ सीधे बहस करना चाहते हैं। नरेंद्र मोदी मेरे साथ आमने-सामने बैठकर डिबेट करें। मै गारंटी देता हूं- मेरे साथ one-on-one डिबेट के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे। : नेता विपक्ष श्री @RahulGandhi https://t.co/QdLEdy725C — Congress (@INCIndia) November 13, 2026 अदाणी या मोहन भागवत बनें बहस के जज राहुल गांधी ने बहस का तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि एक मेज के आमने-सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वह खुद बैठेंगे। दोनों को एक-दूसरे पर आरोप लगाने और सवाल पूछने का मौका मिलेगा। इसमें लंबे भाषणों की जगह सीधे बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि इस बहस के लिए गौतम अदाणी या मोहन भागवत को जज बना दिया जाए, तो भी उन्हें कोई परेशानी नहीं है। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री अगर उनके साथ आमने-सामने बहस करते हैं, तो उसके बाद वह प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा ने क्यों खारिज की राहुल की मांग? यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। इससे पहले भी वह कई मौकों पर ऐसी मांग उठा चुके हैं। एक अन्य चुनौती में उन्होंने दावा किया था कि प्रधानमंत्री को लेकर अपना आरोप साबित करने के लिए उन्हें केवल पांच मिनट चाहिए। वहीं, भाजपा नेताओं ने राहुल की इस मांग को खारिज करते हुए पलटवार किया है। उनका आरोप है कि राहुल संसद में सरकार से सवाल पूछने और चर्चा में हिस्सा लेने के बजाय सार्वजनिक बहस का मुद्दा उठा रहे हैं। अब सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी राहुल गांधी की इस चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया देंगे या फिर दोनों नेताओं के बीच बहस की यह मांग सियासी बयानबाजी तक ही सीमित रहेगी? ये भी पढ़ें: चंद्रशेखर-ओवैसी की जोड़ी से UP में सियासी भूचाल! अखिलेश के PDA और मायावती के वोट बैंक पर कितना बड़ा खतरा?