उत्तर प्रदेश

UP की वोटर लिस्ट में बड़ा फेरबदल! 7 महीने में जुड़े 20 लाख नाम, फिर भी 2.38 करोड़ वोटरों का अंतर क्यों?

यूपी की वोटर लिस्ट में सात महीनों में 20 लाख नए नाम जुड़े, फिर भी 2.38 करोड़ मतदाताओं का अंतर सामने आया। निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

 UP CEO Navdeep Rinwa: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर बड़ी कवायद शुरू हो गई है। पिछले सात महीनों में करीब 20 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, लेकिन इसके बावजूद विधानसभा, पंचायत और नगर निकाय की मतदाता सूचियों के बीच भारी अंतर सामने आया है। आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत और निकाय की सूची की तुलना में विधानसभा की वोटर लिस्ट में करीब 2.38 करोड़ मतदाता कम दर्ज हैं। इस अंतर ने निर्वाचन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए निर्वाचन विभाग ने नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं। इसके तहत 21 और 22 नवंबर के बाद 28 और 29 नवंबर को भी प्रदेशभर में अभियान चलाया जाएगा। इन चार दिनों में यूपी के सभी 1.73 लाख पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे। वे नए मतदाताओं के पंजीकरण के आवेदन स्वीकार करेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और अन्य गलतियों से जुड़े दावे व आपत्तियां भी ली जाएंगी।

2.38 करोड़ मतदाताओं का अंतर बना बड़ी चुनौती

एसआईआर के बाद विधानसभा की मतदाता सूची और पंचायत व नगर निकाय की वोटर लिस्ट के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है। इसी को देखते हुए निर्वाचन विभाग उन जिलों में तीनों सूचियों का बूथ स्तर पर मिलान करा रहा है, जहां मतदाताओं की संख्या में अंतर पाया गया है। इस प्रक्रिया में संबंधित विभागों की भी मदद ली जा रही है, ताकि पात्र होने के बावजूद सूची से बाहर रह गए नागरिकों की पहचान कर उनका पंजीकरण कराया जा सके।

गाजियाबाद में 10 लाख पात्र मतदाताओं के नाम नहीं

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गाजियाबाद में एसएसआर की समीक्षा के दौरान बताया कि जिले की मतदाता सूची में 23 लाख से अधिक नाम दर्ज हैं, जबकि अनुमान के अनुसार करीब 10 लाख पात्र नागरिक अभी भी सूची से बाहर हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांचें।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम अपने आप नहीं जुड़ता। इसके लिए पात्र नागरिक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।

ये भी पढ़ें: नोएडा में प्रदूषण का बड़ा अलर्ट! सेक्टर-62 का AQI 442 पहुंचा, दिल्ली के कई इलाकों में भी सांस लेना मुश्किल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »