Jewar Tractor Factory: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ औद्योगिक विकास की रफ्तार भी तेज होती जा रही है। अब यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तैयार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की वर्चुअल माध्यम से आधारशिला रखी। करीब 100 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस फैक्टरी से लगभग 2 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यूपी की बदलती तस्वीर, कानून व्यवस्था और निवेश को लेकर भी कई अहम बातें कहीं। 100 एकड़ में तैयार होगा आधुनिक प्लांट यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-8डी में CNH इंडस्ट्रियल का आधुनिक ट्रैक्टर निर्माण प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फैक्टरी शुरू होने के बाद यहां बड़े पैमाने पर ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलने के साथ क्षेत्र में सहायक उद्योगों और कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। 'उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश' शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान पलायन और दंगों जैसी समस्याओं से जुड़ी थी, लेकिन अब प्रदेश ने उपद्रव से उत्सव की ओर कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने बुलडोजर को यूपी का ब्रांड बताते हुए कहा कि अब प्रदेश में ट्रैक्टर और बुलडोजर दोनों का निर्माण होगा। किसानों और कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा फायदा योगी आदित्यनाथ ने परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने वाले किसानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक ट्रैक्टर निर्माण से कृषि क्षेत्र में नई तकनीक और मशीनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का दावा मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। जेवर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है। ऐसे में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ नए उद्योगों की शुरुआत जेवर को बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR से हरियाणा तक जहरीली हवा का तांडव! AQI 480 पार, एक्सपर्ट ने बताई चौंकाने वाली वजह