उत्तर प्रदेशलखनऊ

हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ने का BJP का प्लान! SIR के बीच योगी की नजर

2027 चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव! SIR के तहत हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य, CM योगी करेंगे अभियान की मॉनिटरिंग।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

BJP Voter Jodo Abhiyan: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने मतदाता सूची को लेकर अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान पार्टी ने प्रदेशभर में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और नए वोटर बनाने के लिए महीनेभर का अभियान तैयार किया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ के तहत बीजेपी ने प्रदेश के हर बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस हिसाब से पार्टी करीब 86.86 लाख नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने की कोशिश करेगी।

लखनऊ में बनी रणनीति

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 13 नवंबर को आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में जिलाध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

योगी के 1.27 करोड़ वोटरों वाले दावे के बाद तेज हुई तैयारी

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया था कि करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। बीजेपी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम छूटने का मुद्दा भी उठाया है। अब पार्टी पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुड़े उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है। हालांकि, मतदाता सूची में नाम जुड़ने की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के तहत ही होगी।

1.73 लाख बूथों पर 50-50 वोटर जोड़ने का लक्ष्य

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों को अभियान का केंद्र बनाया है। पार्टी का लक्ष्य हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का है। इसके लिए प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अभियान के तहत 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तरीय बैठकें होंगी। इसके बाद 19 से 21 नवंबर के बीच विधानसभा स्तर पर रणनीति बनाई जाएगी। इन बैठकों में सांसद, विधायक, एमएलसी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

22 से 24 नवंबर तक घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

बीजेपी 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। इस दौरान बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और बीएलए-2 घर-घर जाकर मतदाता सूची का मिलान करेंगे। जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं होंगे, उन्हें आवेदन की प्रक्रिया बताई जाएगी। पार्टी ने आठ श्रेणियों के लोगों पर विशेष ध्यान देने की योजना बनाई है। इनमें नए युवा मतदाता, शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं, पंचायत सूची में दर्ज लेकिन विधानसभा सूची से छूटे लोग, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, राशन कार्ड धारक और अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग शामिल हैं। पंचायत सहायकों और कमल साथी ऐप की मदद से भी उपलब्ध आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं के लिए अलग अभियान

महिला मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलेगा। इसका संयोजन महिला मोर्चा करेगा। इसमें शादी के बाद ससुराल आई महिलाओं और सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थियों पर खास ध्यान दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूहों से भी सहयोग लेने की योजना है। वहीं, युवाओं को मतदाता बनाने के लिए 1 से 3 दिसंबर तक युवा मोर्चा अभियान चलाएगा। इसमें 18 से 25 वर्ष के युवाओं और 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कैंप लगाकर पंजीकरण की जानकारी दी जाएगी।

फॉर्म-6, 7 और 8 से होगा जरूरी बदलाव

 

  • मतदाता सूची से जुड़ी अलग-अलग प्रक्रियाओं के लिए तीन फॉर्म इस्तेमाल किए जाएंगे।
  • फॉर्म-6: नए मतदाता का नाम जुड़वाने के लिए।
  • फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।
  • फॉर्म-8: पता बदलने, स्थानांतरण या व्यक्तिगत विवरण में संशोधन के लिए।

13 दिसंबर को होगी समीक्षा, योगी तक पहुंचेगी रिपोर्ट

अभियान की निगरानी के लिए प्रदेश बीजेपी कार्यालय से रोजाना रिपोर्ट ली जाएगी। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए जिला, मंडल और बूथ स्तर तक जानकारी जुटाने की व्यवस्था बनाई गई है। 13 दिसंबर को विधानसभा क्षेत्रों में समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 14 से 16 दिसंबर तक सामने आई कमियों को दूर करने की योजना है।

2027 चुनाव की तैयारी

कुल मिलाकर बीजेपी ने SIR को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के अभियान से जोड़ दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता इसकी निगरानी करेंगे। अब नजर इस बात पर रहेगी कि एक महीने में पार्टी अपने 86.86 लाख नए मतदाताओं को जोड़ने के लक्ष्य में कितनी सफल हो पाती है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश का BJP पर बड़ा आरोप, दूसरे राज्यों से वोट बनवाने की तैयारी का दावा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »