Gold-Silver Rate: सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बाद एक बार फिर तेजी लौटती दिखाई दे रही है। घरेलू वायदा बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक दोनों कीमती धातुओं के भाव में सुधार दर्ज किया गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 1,37,000 रुपये के पार पहुंच गया, जबकि चांदी ने भी 1.80 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर छू लिया। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या कीमतों में यह तेजी आगे भी जारी रहेगी या फिर बाजार में एक और गिरावट देखने को मिलेगी? MCX पर सोने-चांदी की कीमतों में कितनी तेजी? MCX पर सोने की शुरुआत 1,36,502 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर हुई। कारोबार के दौरान इसकी कीमत बढ़कर 1,37,587 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। पिछले दिनों लगातार गिरावट के बाद सोने ने निचले स्तरों से वापसी की है। वहीं, चांदी शुरुआत में गिरकर 1,79,692 रुपये प्रति किलो पर पहुंची, लेकिन बाद में इसमें भी तेजी आई और भाव 1,80,199 रुपये प्रति किलो हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बदला रुख वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में निचले स्तर से सुधार देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना करीब 3,920 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। इससे पहले यह गिरकर 3,850 डॉलर तक पहुंच गया था। इसी तरह चांदी भी 52 सप्ताह के निचले स्तर 48.050 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंचने के बाद संभली। क्या फिर बढ़ सकती हैं कीमतें? बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा तेजी को अभी मजबूत रिकवरी मानना जल्दबाजी होगी। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसले सोने और चांदी की अगली चाल तय कर सकते हैं। अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका के चलते ब्याज दरों में बढ़ोतरी की चर्चा है। इससे डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड मजबूत हुए हैं, जिसका दबाव कीमती धातुओं पर पड़ सकता है। चांदी के लिए ये स्तर होंगे अहम अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के लिए 52 डॉलर प्रति औंस का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके नीचे 49 डॉलर और फिर 46.50 डॉलर के स्तर पर नजर रहेगी। घरेलू बाजार में MCX पर 1,88,000 रुपये प्रति किलो का स्तर चांदी के लिए अहम है। इसके नीचे 1,78,000 रुपये और 1,72,000 रुपये के स्तर महत्वपूर्ण हो सकते हैं। क्या अभी सोना-चांदी खरीदना सही रहेगा? विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल निवेशकों को जल्दबाजी से बचना चाहिए। अमेरिकी ब्याज दरों, डॉलर की मजबूती और बाजार के तकनीकी संकेतों पर नजर रखना जरूरी है। रुपये की कमजोरी घरेलू कीमतों को सहारा दे सकती है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार का दबाव भी बना हुआ है। ऐसे में निवेश का फैसला अपनी आर्थिक स्थिति और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखकर करना बेहतर होगा। ये भी पढ़ें: डेढ़ लाख के करीब पहुंचा सोना! धनतेरस से पहले कीमतों में तूफानी उछाल, जाने पिछले साल से कितना महंगा हुआ गोल्ड