Box Office Collection: सिनेमाघरों में इन दिनों कई बड़ी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस की रेस में रणबीर कपूर की 'रामायण' सबसे आगे निकलती नजर आ रही है। दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बाद भी फिल्म की कमाई शानदार बनी हुई है। दूसरी तरफ सूर्या की 'सीन' की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है, जबकि नयनतारा की 'मूकुथी अम्मान 2' बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती दिखाई दे रही है। आइए जानते हैं तीनों फिल्मों का शुक्रवार का कलेक्शन। 'रामायण' ने दूसरे शुक्रवार भी की ताबड़तोड़ कमाई रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' ने रिलीज के पहले सप्ताह में ही 564.60 करोड़ रुपये का कारोबार कर बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली थी। अब फिल्म दूसरे सप्ताह में पहुंच चुकी है। हालांकि नौवें दिन कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा।सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के नौवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 47.85 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 612.45 करोड़ रुपये हो गया है। 'सीन' की कमाई में आई गिरावट सूर्या की फिल्म 'सीन' ने पहले सप्ताह में 111.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। शुरुआत में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन दूसरे सप्ताह में इसकी कमाई की रफ्तार कम होती दिखाई दे रही है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 117.70 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 'मूकुथी अम्मान 2' के लिए मुश्किल हुआ बॉक्स ऑफिस सफर नयनतारा की 'मूकुथी अम्मान 2' का प्रदर्शन बाकी दोनों फिल्मों के मुकाबले काफी कमजोर रहा है। पहले सप्ताह से ही फिल्म की कमाई में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सातवें दिन फिल्म केवल 75 लाख रुपये ही जुटा सकी थी। वहीं, दूसरे शुक्रवार को इसकी कमाई और घटकर महज 37 लाख रुपये रह गई। फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन अब 18.30 करोड़ रुपये हो चुका है। तीनों फिल्मों के शुक्रवार के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का दबदबा कायम है, जबकि बाकी दोनों फिल्मों के सामने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की चुनौती बढ़ती जा रही है। ये भी पढ़ें: 835 करोड़ की कमाई के करीब पहुंची ‘जेलर 2’, रजनीकांत ने बॉक्स ऑफिस पर फिर रचा इतिहास!