भारत

छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक का बड़ा अलर्ट! 15-16 नवंबर को कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले देख लें एडवाइजरी

छठ पूजा को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट! 15-16 नवंबर को कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू रहेगा। घर से निकलने से पहले जान लें पूरा रूट प्लान।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Delhi Chhath Puja Traffic Advisory: देश की राजधानी दिल्ली में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 15 और 16 नवंबर को यमुना घाटों और शहर के अलग-अलग छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। ऐसे में अगर आप इन इलाकों से गुजरने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें।

इन प्रमुख रास्तों पर जाने से बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शांतिवन से श्मशान घाट तक के रास्तों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घाटों के आसपास के व्यस्त मार्गों से बचें और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

इन रास्तों से कर सकेंगे सफर

उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, सोनिया विहार और चौहान पट्टी जाने वाले लोगों के लिए नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होकर जाने का विकल्प दिया गया है।

यहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के आसपास के निर्धारित स्थान शामिल हैं। इसके अलावा नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर गाड़ी खड़ी नहीं करने की हिदायत दी है।

15 और 16 नवंबर को क्यों खास है ट्रैफिक इंतजाम?

छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू हो चुका है। 14 नवंबर को खरना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगे। 15 नवंबर को तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा। इन्हीं दो दिनों में घाटों पर सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

ये भी पढ़ें: नोएडा में प्रदूषण का बड़ा अलर्ट! सेक्टर-62 का AQI 442 पहुंचा, दिल्ली के कई इलाकों में भी सांस लेना मुश्किल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »