उत्तर प्रदेशनोएडा

शराब के नशे में दोस्त बना कातिल! पवन की हत्या कर लखनावली के पास फेंका शव

ग्रेटर नोएडा में शराब पीने के दौरान विवाद में ललित पर दोस्त पवन शर्मा की गला घोंटकर हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

Noida News: ग्रेटर नोएडा में शराब पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद जानलेवा साबित हुआ। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने शव को सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनावली गांव के पास फेंक दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत और संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

शराब पीते समय हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक पवन शर्मा और आरोपी ललित आपस में दोस्त थे। बुधवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच पहले डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस इस पुरानी रंजिश को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है। आरोप है कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर ललित ने पवन का गला घोंट दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को लखनावली गांव के पास फेंक दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

फोन बंद होने पर परिजनों को हुई चिंता

पवन के काफी देर तक घर नहीं लौटने और उसका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजन परेशान हो गए। इसके बाद उसके भाई ने ईकोटेक-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई और अनहोनी की आशंका जताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पवन और ललित के आपसी संबंधों सहित अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस को ललित पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लखनावली गांव के पास से पवन का शव बरामद कर लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

ईकोटेक-3 थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या की बात सामने आई है। आरोपी ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र का हॉस्टल में मिला शव, मोबाइल-लैपटॉप से खुलेगा राज?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »