उत्तर प्रदेशनोएडा

गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र का हॉस्टल में मिला शव, मोबाइल-लैपटॉप से खुलेगा राज?

ग्रेटर नोएडा के हॉस्टल में गलगोटिया विश्वविद्यालय के 21 वर्षीय छात्र निशांत शाक्य का शव मिला। सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस मोबाइल-लैपटॉप की जांच कर मौत की वजह तलाश रही है।

Galgotias University: ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में गलगोटिया विश्वविद्यालय के एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिला। बृहस्पतिवार को हुई इस घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब छात्र का रूम पार्टनर बाहर से वापस लौटा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने के बावजूद नहीं खुला। खिड़की से अंदर देखने पर छात्र का शव पंखे से लटका दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

रूम पार्टनर लौटा तो अंदर से बंद मिला दरवाजा

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय निशांत शाक्य के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र का निवासी था और गलगोटिया विश्वविद्यालय में बीसीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। निशांत नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक हॉस्टल में रूम पार्टनर के साथ रहता था। बृहस्पतिवार सुबह उसका रूम पार्टनर किसी काम से बाहर गया हुआ था। कुछ समय बाद लौटने पर उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर देखा, जहां निशांत का शव पंखे से लटका हुआ था। यह देखकर उसने हॉस्टल संचालक को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने जांच के लिए छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है। इनकी जांच के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों से पूछताछ और मोबाइल-लैपटॉप की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में 3 करोड़ की चोरी का खुलासा, 3172 पेटीएम मशीनें बरामद, 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »