उत्तर प्रदेशनोएडा

अजनारा होम्स में फिर अटकी लिफ्ट, 20 मिनट तक फंसे रहे दो कर्मचारी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में लिफ्ट 20 मिनट तक अटकी रही। हाउसकीपिंग के दो कर्मचारी फंसे, निवासियों ने रखरखाव पर सवाल उठाए।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ajnara Homes Society: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में लिफ्ट की खराबी ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह ई टावर की लिफ्ट अचानक दूसरे फ्लोर पर अटक गई, जिसके अंदर हाउसकीपिंग स्टाफ की एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी फंस गए। करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में बंद रहने के दौरान महिला घबरा गई। काफी मशक्कत के बाद सोसायटी प्रबंधन के कर्मचारियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद लिफ्टों के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

कूड़ा लेकर नीचे जा रहे थे कर्मचारी

सोसायटी के निवासियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह हाउसकीपिंग स्टाफ के दोनों कर्मचारी ऊपरी मंजिल से कूड़ा लेकर लिफ्ट के जरिए नीचे जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर पहुंचकर अचानक रुक गई। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी ने लिफ्ट में लगे सुरक्षा उपकरणों के जरिए मदद मांगने का प्रयास किया। हालांकि, उसे तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर प्रबंधन को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने प्रयास कर दोनों को बाहर निकाला।

पहले भी सामने आ चुकी हैं लिफ्ट में फंसने की घटनाएं

निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में लिफ्ट अटकने की समस्या बार-बार सामने आ रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इससे पहले भी एक युवक और 14 लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में डर बना हुआ है।

तीन से चार हजार परिवारों की सुरक्षा पर सवाल

निवासियों के अनुसार, सोसायटी में करीब तीन से चार हजार परिवार रहते हैं और लिफ्ट यहां के लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में लिफ्टों में बार-बार तकनीकी खराबी आने से बुजुर्गों, बच्चों और अन्य निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि लिफ्टों के नियमित रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। निवासियों की मांग है कि लिफ्टों की तकनीकी जांच कराई जाए और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अब देखना होगा कि प्रबंधन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कार्रवाई करता है।

ये भी पढ़ें: रात में खाए नूडल्स, सुबह नहीं उठा परिवार! 5 की संदिग्ध मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »