उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा में आधी रात पुलिस-बदमाशों का आमना-सामना, फायरिंग के बाद मेरठ के दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा सेक्टर-18 में पुलिस मुठभेड़ के बाद मेरठ के दो बदमाश गिरफ्तार। एक के पैर में गोली लगी। नकदी, मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Police Action: नोएडा में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग के सामने हुई इस कार्रवाई में मेरठ के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन, तमंचा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद नकदी और मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े हैं।

 पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, डीएलएफ तिराहे के पास देर रात चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपी सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग के सामने झाड़ियों की ओर पहुंच गए। आरोप है कि यहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। वहीं, दूसरे आरोपी को इलाके में चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

मेरठ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान मेरठ के इंचौली स्थित समसु कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दूसरे आरोपी की पहचान मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के जिठोला नारंगपुर गांव निवासी 22 वर्षीय दानिश के रूप में हुई है।

नकदी, मोबाइल और तमंचा बरामद

पुलिस के अनुसार, सलमान के पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 12,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, दानिश के कब्जे से स्नैचिंग से संबंधित एक मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बाइक पर दिल्ली का रजिस्ट्रेशन नंबर DL11PD3919 दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, यह मोटरसाइकिल दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है।

आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। बरामद सामान और संबंधित मामलों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी स्नैचिंग की किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं।

ये भी पढ़ें: नोएडा में एक ही रात 3 दुकानों के टूटे ताले, CCTV में कैद हुई चोरों की करतूत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »