Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की टेकजोन-4 स्थित हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसायटी में बिल्डर और निवासियों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सोसायटी का हैंडओवर अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को सौंपने और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर निवासी प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान बिल्डर की मेंटेनेंस टीम और बाउंसरों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दो साल से हैंडओवर नहीं मिलने का आरोप सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि AOA का गठन और रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद बिल्डर करीब दो साल से सोसायटी का हैंडओवर नहीं दे रहा है। इससे कॉमन एरिया के रखरखाव और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार परेशानियां बनी हुई हैं। निवासियों का कहना है कि जब उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सोसायटी के गेट पर आवाज उठाई तो बिल्डर की तरफ से बाउंसर बुला लिए गए। आरोप है कि बाउंसरों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव बना रहा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी जारी किया था नोटिस इस मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 23 अक्टूबर 2026 को हवेलिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र जारी कर कॉमन एरिया के रखरखाव का जिम्मा AOA को सौंपने के निर्देश दिए थे। प्राधिकरण के मुताबिक, सोसायटी में AOA के गठन के लिए 21 सितंबर 2026 को चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। इसमें 10 सदस्यों ने नामांकन किया था और एसोसिएशन की कार्यकारिणी गठित की गई थी। नियमावली के अनुसार AOA में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। प्राधिकरण ने बिल्डर को एक महीने के भीतर कॉमन एरिया का मेंटेनेंस हैंडओवर करने के साथ वैलेंसिया फैसिलिटी सर्विसेज एलएलपी से भी जिम्मेदारी हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने समाधान के लिए दिया दो दिन का समय बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, AOA की ओर से बिल्डर के खिलाफ सोसायटी गेट पर हंगामा किया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और विवाद सुलझाने के लिए दो दिन का समय दिया है। पुलिस के अनुसार, बिल्डर ने इस अवधि में AOA को हैंडओवर सौंपने की बात कही है। अब सोसायटी के निवासियों की नजर इस बात पर है कि क्या दो दिन में उन्हें हैंडओवर मिल पाएगा या बिल्डर और बायर्स के बीच विवाद आगे भी जारी रहेगा। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप! महिला को सरेआम जड़े थप्पड़, बाइक में भी तोड़फोड़