Greater Noida Police Action: ग्रेटर नोएडा में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बीटा-2 क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। चेकिंग के दौरान भागने लगे बदमाश पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अलीगढ़ और हमीरपुर के रहने वाले हैं आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू निवासी अलीगढ़ और मोनू निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। चेन स्नैचिंग के मामले में फरार था इनामी बदमाश पुलिस जांच में सामने आया कि दीपू उर्फ पप्पू जून 2026 में चेन स्नैचिंग के एक मामले में गिरफ्तारी से बचकर फरार हो गया था। इसके बाद उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं, दूसरा आरोपी मोनू भी चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा! पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, 4आरोपी गिरफ्तार