Seat Sharing Formula: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। दिल्ली में हुई पार्टी की अहम बैठक में राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि सपा कांग्रेस की महत्वपूर्ण गठबंधन सहयोगी है और सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने बैठक में सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। सीट बंटवारे के लिए कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय कमेटी यूपी चुनाव की रणनीति को धार देने के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे समेत गठबंधन से जुड़े तमाम मुद्दों पर बातचीत और समन्वय करेगी। इस कमेटी में प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि यह टीम सपा के साथ बातचीत का रास्ता तैयार करेगी और सीटों को लेकर सहमति बनाने की कोशिश करेगी। आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी। — Mallikarjun Kharge (@kharge) November 16, 2026 खरगे ने INDIA गठबंधन को लेकर दिया बड़ा संदेश बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यूपी की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस INDIA गठबंधन के साथ मिलकर एक मजबूत विकल्प पेश करेगी। 181 सीटों की मांग और स्वामी प्रसाद मौर्य पर फंसा पेंच कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की राह अभी पूरी तरह आसान नहीं है। सीटों के बंटवारे के अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने का मुद्दा भी दोनों दलों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। वहीं, अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं। राहुल गांधी से मौर्य की मुलाकात के बाद उनके गठबंधन में आने की अटकलें तेज हुई थीं। पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन रहा कमजोर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी स्थिति पिछले दो विधानसभा चुनावों से कमजोर रही है। 2017 में पार्टी को 6.25 फीसदी वोट मिले थे और सात सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2022 के चुनाव में कांग्रेस महज दो सीटें जीत सकी और उसका वोट शेयर घटकर 2.33 फीसदी रह गया। ऐसे में राहुल गांधी का सम्मानजनक सीट बंटवारे पर जोर देना और पांच सदस्यीय कमेटी बनाना साफ संकेत है कि कांग्रेस इस बार गठबंधन में अपनी भूमिका मजबूत करना चाहती है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर सहमति किस फॉर्मूले पर बनती है। ये भी पढ़ें: UP चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव! सपा से मांगीं 181 सीटें, रायबरेली-अमेठी की सभी सीटों पर ठोका दावा