उत्तर प्रदेशनोएडा

पहलगाम हमले में मिला आपका आधार कार्ड… नोएडा में डिजिटल अरेस्ट कर न्यूयॉर्क के वकील से 4 करोड़ की ठगी!

नोएडा में डिजिटल अरेस्ट का बड़ा मामला! ठगों ने पहलगाम हमले में आधार कार्ड मिलने का डर दिखाकर न्यूयॉर्क के रिटायर्ड वकील से 4 करोड़ ठगे।

Noida Cyber Crime: नोएडा में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को CBI, NIA और पुलिस अधिकारी बताकर न्यूयॉर्क के एक रिटायर्ड भारतीय मूल के वकील को 22 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराए रखा। आरोपियों ने आतंकवाद और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन में फंसाने की धमकी देकर उनकी करीब 4 करोड़ रुपये की जमा-पूंजी हड़प ली। पीड़ित ने गौतमबुद्ध नगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला अमेरिका की जांच एजेंसी FBI तक भी पहुंच गया है।

पहलगाम हमले का नाम लेकर शुरू हुआ ठगी का खेल

पीड़ित अतुल तलवार लंबे समय तक न्यूयॉर्क में वकालत कर चुके हैं। वह 1982 में दिल्ली से अमेरिका गए थे और करीब 30 साल तक लेबर यूनियनों का प्रतिनिधित्व किया। 31 जुलाई को भारत लौटने के बाद वह गुरुग्राम में अपने भाई के पास रह रहे थे और नोएडा के सेक्टर-30 स्थित पुश्तैनी मकान की मरम्मत करा रहे थे।

पहलगाम कनेक्शन का डर

17 अक्टूबर को उन्हें एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का अधिकारी बताया। उसने दावा किया कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उनका आधार कार्ड मिला है और उनके नाम से खुले केनरा बैंक खाते में 53 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। ठगों ने उन पर 5 करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप लगाया और गिरफ्तारी की धमकी दी।

CBI-NIA अधिकारी बनकर 22 दिन तक रखा निगरानी में

इसके बाद आरोपियों ने खुद को CBI और NIA का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर कथित गोपनीय दस्तावेज भेजे। पीड़ित को लगातार वीडियो और ऑडियो कॉल पर निगरानी में रखा गया। उन्हें फोन काटने, बाहर जाने और दूसरे लोगों से संपर्क करने से रोका गया। पीड़ित के मुताबिक, ठगों ने वीडियो कॉल पर उनके घर के आसपास कथित आतंकियों की गिरफ्तारी का फर्जी दृश्य भी दिखाया, जिससे वह और ज्यादा डर गए।

रिटायरमेंट फंड और निवेश की रकम भी गंवाई

19 अक्टूबर से शुरू हुई कथित पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उनके बैंक खातों और निवेश से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद रिटायरमेंट फंड और ब्रोकरेज खातों की रकम ट्रांसफर कराई गई। ठगों ने टैक्स के नाम पर करीब 1.5 करोड़ रुपये कटवाए और लगभग 2.5 करोड़ रुपये की रकम इथेरियम के रूप में ट्रांसफर करा ली। 7 नवंबर तक अतुल तलवार करीब 4 करोड़ रुपये गंवा चुके थे। ठगों ने जांच पूरी होने पर रकम वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में संपर्क बंद कर दिया।

नोएडा पुलिस और FBI कर रही जांच

ठगी का एहसास होने के बाद अतुल तलवार ने गौतमबुद्ध नगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। 11 नवंबर को वह वापस न्यूयॉर्क लौट गए और वहां FBI को भी मामले की जानकारी दी। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल के मुताबिक, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

रिपोर्ट-आमिर खान

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में सत्ता का बड़ा फेरबदल, अचानक बदले गए CEO! बलकार सिंह संभालेंगे प्राधिकरण की कमान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »