Spirometry Test: दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में भारीपन या जकड़न जैसी शिकायतें हल्के में नहीं लेनी चाहिए। ऐसे लक्षण लंबे समय से बने रहें तो डॉक्टर की सलाह से फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच करानी चाहिए। इसके लिए सबसे आम और उपयोगी जांच स्पाइरोमेट्री है, जिसे लंग फंक्शन टेस्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। स्पाइरोमेट्री क्या बताती है? स्पाइरोमेट्री यह मापती है कि आप एक गहरी सांस लेने के बाद कितनी हवा बाहर निकाल पाते हैं और कितनी तेजी से निकाल पाते हैं। इससे सांस की नलियों में रुकावट, अस्थमा और सीओपीडी जैसी स्थितियों का संकेत मिल सकता है। टेस्ट में मुख्य रूप से दो आंकड़े देखे जाते हैं- FEV1, यानी पहले एक सेकंड में बाहर निकली हवा, और FVC, यानी गहरी सांस लेने के बाद कुल कितनी हवा बाहर निकाली जा सकती है। इन दोनों का अनुपात यह पहचानने में मदद करता है कि सांस की नलियां सामान्य रूप से खुली हैं या उनमें अवरोध है। टेस्ट कैसे होता है? यह जांच बिना दर्द के होती है और आमतौर पर कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है। मरीज को बैठाकर नाक पर क्लिप लगाई जाती है, ताकि सांस केवल मुंह से ली जा सके। मरीज स्पाइरोमीटर से जुड़े माउथपीस को होंठों से कसकर पकड़ता है। जितना संभव हो, गहरी सांस अंदर लेता है। फिर पूरी ताकत से और जितना संभव हो, हवा बाहर फूंकता है। मशीन हवा की मात्रा और गति दर्ज करती है। सटीक नतीजे के लिए यह कोशिश कई बार दोहराई जा सकती है। कभी-कभी डॉक्टर सांस खोलने वाली दवा देने के बाद टेस्ट दोबारा करवाते हैं। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि रुकावट दवा से कम हो रही है या नहीं। किन लोगों को कराना चाहिए? जिन लोगों को लंबे समय से खांसी, घरघराहट, बार-बार सांस फूलना, सीने में जकड़न या सांस लेने में दिक्कत हो, उन्हें डॉक्टर से परामर्श लेकर यह जांच करानी चाहिए। धूम्रपान करने वाले, अस्थमा या सीओपीडी के मरीज़, तथा लंबे समय तक धूल, धुएं या प्रदूषण के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी जोखिम अधिक हो सकता है। सामान्य रिपोर्ट का मतलब पूरी तरह स्वस्थ फेफड़े नहीं यह ध्यान रखना जरूरी है कि स्पाइरोमेट्री हर तरह के फेफड़ों के नुकसान को पकड़ नहीं सकती। रिपोर्ट सामान्य आने पर भी प्रदूषण का कोई प्रभाव न होने की गारंटी नहीं मिलती। लक्षण गंभीर या लगातार होने पर डॉक्टर छाती का एक्स-रे, सीटी स्कैन, ऑक्सीजन सैचुरेशन या अन्य फेफड़ों की जांच की सलाह दे सकते हैं। खुद दवा लेने या टेस्ट के नतीजे अपने-आप समझने की बजाय डॉक्टर से सही सलाह जरूर ले। अभी क्या करें? प्रदूषण के दिनों में बाहर मास्क पहनें, भीड़भाड़ और धुएं वाले इलाकों से बचें, घर में हवा शुद्ध रखने की कोशिश करें और खांसी या सांस की तकलीफ बढ़ने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें। स्पाइरोमेट्री फेफड़ों की सेहत का एक अहम संकेत दे सकती है, लेकिन सही निदान और इलाज हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही करवाएं। ये भी पढ़ें: नोएडा में प्रदूषण का बड़ा अलर्ट! सेक्टर-62 का AQI 442 पहुंचा, दिल्ली के कई इलाकों में भी सांस लेना मुश्किल