Noida Elevated Road: नोएडा में सेक्टर-62 से सेक्टर-18 को जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड पर सफर शुरू होने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। करीब एक महीने से बंद इस सड़क को दोबारा खोलने का फैसला अब IIT रुड़की की जांच रिपोर्ट पर निर्भर है। उम्मीद जताई जा रही है कि रिपोर्ट आज आ सकती है। इसके बाद ही सड़क को लेकर आगे की कार्रवाई तय होगी। एक महीने से बंद रास्ता दरअसल, 4.8 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड के एक हिस्से में 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा दिखाई दिया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया। तब से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इस मार्ग पर यातायात सामान्य होने का इंतजार है। मजबूती की हाईटेक जांच एलिवेटेड रोड की स्थिति और मजबूती का आकलन करने के लिए IIT रुड़की और ब्रिज कॉर्पोरेशन की टीमें जांच में जुटी हैं। इस दौरान सड़क पर बने क्रैक्स, वाइब्रेशन और उसकी स्ट्रेंथ की पड़ताल की गई। इसके अलावा अमेरिकी विशेषज्ञों की मदद से साउंड वेव्स के जरिए भी संरचना की मजबूती जांची गई थी। अल्ट्रासोनिक रेडिएशन टेस्ट के माध्यम से भी एलिवेटेड रोड की स्थिति का आकलन किया गया। रिपोर्ट पर टिकी निगाहें अब सबकी नजर IIT रुड़की की रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट मिलने के बाद गड्ढे और उसके आसपास के प्रभावित हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी। मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े जरूरी काम पूरे होने के बाद ही सड़क पर यातायात बहाल करने को लेकर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और सेक्टर-62 से सेक्टर-18 तक का यह अहम रास्ता लोगों के लिए आखिर कब खुलेगा? ये भी पढ़ें: नोएडा में शराब पार्टी के दौरान कार बनी आग का गोला, अंदर मौजूद युवक की जलकर मौत