उत्तर प्रदेश

रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने पहुंचे 12 लोग खुद वंदे भारत में फंसे! रेलवे ने ठोका 36 हजार का जुर्माना

कानपुर में रिश्तेदारों को वंदे भारत में बैठाने पहुंचे 12 लोग ऑटोमेटिक दरवाजे बंद होने से खुद फंस गए। इटावा में उतारा गया, रेलवे ने 36 हजार जुर्माना लगाया।

Kanpur Central Railway Station: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने पहुंचे 12 लोगों के साथ ऐसा वाकया हुआ कि उन्हें लेने के लिए रेलवे को बीच रास्ते में ट्रेन रुकवानी पड़ी। मामला बनारस से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का है। ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद होने के कारण सभी 12 लोग अंदर ही फंस गए। बाद में ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रुकवाकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। हालांकि, इस लापरवाही के लिए रेलवे ने सभी पर कुल 36 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

रिश्तेदारों को छोड़ने गए थे

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंची थी। इसी दौरान कानपुर के अलग-अलग इलाकों से आए 12 लोग अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने के लिए कोच के अंदर चले गए। इसी बीच ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए।

दरवाजे बंद होने के बाद वे लोग बाहर नहीं निकल सके। ट्रेन ने जैसे ही कानपुर से आगे का सफर शुरू किया, अंदर फंसे लोगों और प्लेटफॉर्म पर मौजूद उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फंसे लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने ट्रेन स्टाफ से दरवाजे खोलने की गुहार लगाई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण चलती ट्रेन में दरवाजे खोलना संभव नहीं था।

इटावा में रुकवाई गई वंदे भारत

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन स्टाफ ने टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद रविवार सुबह करीब 10:49 बजे ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रुकवाया गया। यहां स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे।

आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में सभी 12 लोगों को सुरक्षित ट्रेन से उतार लिया गया। इसके बाद उन्हें आरपीएफ पोस्ट ले जाकर पूछताछ की गई।

हर व्यक्ति पर लगा 3 हजार रुपये जुर्माना

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बिना वैध अनुमति ट्रेन में प्रवेश करने और नियमों का उल्लंघन करने के मामले में वाणिज्य विभाग ने प्रत्येक व्यक्ति पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह कुल 36,000 रुपये वसूले गए।

रेलवे ने सभी को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी। यह घटना बताती है कि आधुनिक ट्रेनों में बिना अनुमति प्रवेश करना किस तरह यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।

ये भी पढ़ें: गाजीपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान शुरू, 15 दिनों तक चलेगी जागरूकता की मुहिम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »