उत्तर प्रदेशगोरखपुरराजनीति

ठाकुर-ब्राह्मणसे बुलडोजर-निषाद तक…योगी के गढ़ में अखिलेश ने चली 2027 की बड़ी सियासी चाल!

गोरखपुर में अखिलेश यादव ने ठाकुर-ब्राह्मण और निषाद समीकरण साधकर बीजेपी को चुनौती दी। रोड शो के बीच संजय निषाद का हाईवे पर धरना, 2027 की सियासत में नया ट्विस्ट लेकर आया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Akhilesh Gorakhpur Bulldozer Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में अपनी सियासी ताकत दिखाकर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। बुधवार को अखिलेश की पीडीए रथ यात्रा और करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो में उमड़ी भीड़ ने सपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। लेकिन इस दौरे की चर्चा सिर्फ भीड़ तक सीमित नहीं रही। अखिलेश ने ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद समाज को साधने के लिए ऐसे सियासी कदम उठाए, जिनका सीधा असर बीजेपी और उसके सहयोगी दल निषाद पार्टी के समीकरणों पर पड़ सकता है।

संजय निषाद का शक्ति प्रदर्शन

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि अखिलेश के गोरखपुर दौरे के बीच ही योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने आरक्षण की मांग को लेकर हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या अखिलेश की नई रणनीति ने एनडीए के भीतर राजनीतिक दबाव बढ़ा दिया है?

20 किलोमीटर का रोड शो

अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे तो एयरपोर्ट से ही उनका सियासी शक्ति प्रदर्शन शुरू हो गया। वे पीडीए रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो पर निकले। यह रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरा। रास्ते में जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर बुलडोजर और क्रेन के जरिए फूल बरसाए गए। अखिलेश को विशाल मालाएं पहनाई गईं और उनके समर्थन में नारे लगाए गए।

बुलडोजर से सियासी संदेश

इस स्वागत ने राजनीतिक चर्चा को और दिलचस्प बना दिया। दरअसल, बुलडोजर को बीजेपी लंबे समय से योगी सरकार की सख्त कानून-व्यवस्था की पहचान के तौर पर पेश करती रही है। अब उसी बुलडोजर के जरिए अखिलेश का स्वागत होना अपने आप में एक राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। इससे पहले रायबरेली में पीडीए यात्रा के दौरान भी अखिलेश का इसी अंदाज में स्वागत किया गया था।

PDA में ‘A’ का मतलब अगड़ा?

अखिलेश यादव की राजनीति का केंद्र पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण रहा है। लेकिन गोरखपुर दौरे में उनकी रणनीति कुछ अलग दिखाई दी। उन्होंने अपने कार्यक्रमों के जरिए ठाकुर और ब्राह्मण समाज को भी साधने की कोशिश की। इसकी शुरुआत चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव से हुई। यहां अखिलेश यादव ने अमर शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने दिवंगत नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह को श्रद्धांजलि दी।

ठाकुर वोटों पर नजर

इस कार्यक्रम के जरिए अखिलेश ने ठाकुर समाज के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की। इसी दौरान उन्होंने अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू सिंह को समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। अखिलेश ने मंच से चौरीचौरा विधानसभा सीट के लिए टप्पू सिंह की उम्मीदवारी के संकेत भी दिए। पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर टप्पू सिंह करीब 30 हजार वोट हासिल कर चुके हैं। ऐसे में सपा का उन्हें आगे करना इस सीट पर मुकाबले को दिलचस्प बना सकता है।

खास बात यह है कि चौरीचौरा सीट से फिलहाल निषाद पार्टी के विधायक और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के छोटे बेटे सरवन निषाद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में सपा की यह रणनीति सीधे निषाद पार्टी के मौजूदा राजनीतिक आधार को चुनौती देने वाली मानी जा रही है।

‘तिवारी हाता’ पहुंचकर ब्राह्मणों को दिया सियासी संदेश

ठाकुर समाज के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद अखिलेश यादव का अगला पड़ाव गोरखपुर का चर्चित ‘तिवारी हाता’ रहा। यहां उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्वांचल की राजनीति के बड़े ब्राह्मण चेहरे रहे दिवंगत हरिशंकर तिवारी के परिवार से मुलाकात की। अखिलेश ने हरिशंकर तिवारी के बेटे और पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी तथा पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ करीब आधा घंटा बिताया।

हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल की राजनीति में ब्राह्मण समाज के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते रहे हैं। वे कांग्रेस, बसपा और सपा की सरकारों में मंत्री रह चुके थे। पूर्वांचल की करीब दो दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर उनके परिवार का राजनीतिक प्रभाव माना जाता है।

ब्राह्मणों को साधने की रणनीति

ऐसे में अखिलेश का तिवारी परिवार से मिलना महज शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि ब्राह्मण मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इसके जरिए सपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि पार्टी का पीडीए फॉर्मूला अब सिर्फ पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग तक सीमित नहीं है। इसमें अगड़ी जातियों को भी जगह दी जा रही है।

निषाद समाज को भी साधने की कोशिश

अखिलेश यादव ने अपने गोरखपुर दौरे में निषाद समाज को भी नजरअंदाज नहीं किया। उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय जमुना निषाद की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में निषाद समाज का राजनीतिक प्रभाव काफी अहम माना जाता है। बीजेपी और निषाद पार्टी के गठबंधन के चलते यह वोटबैंक एनडीए के लिए महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में अखिलेश का निषाद समाज से जुड़े नेताओं और परिवारों को महत्व देना 2027 के चुनाव से पहले नए समीकरण बनाने की कोशिश है। यानी एक ही दौरे में अखिलेश ने ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद समाज को अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की।

अखिलेश के रोड शो के बीच संजय निषाद का हाईवे पर धरना

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो और चौरीचौरा में सियासी दांव के बीच संजय निषाद का अचानक सड़क पर उतरना भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया। बुधवार शाम संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ महराजगंज में गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान हाईवे जाम कर दिया गया। उनकी प्रमुख मांग निषाद-मल्लाह समाज को अनुसूचित जाति यानी एससी का दर्जा देने की रही। संजय निषाद ने इस मुद्दे पर अपनी ही सहयोगी बीजेपी को घेरा। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की मांग की।

राजनीतिक तौर पर इस घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है। एक तरफ अखिलेश यादव चौरीचौरा में संजय निषाद के बेटे की विधानसभा सीट पर अपनी पार्टी का उम्मीदवार उतारने के संकेत दे रहे थे, तो दूसरी तरफ संजय निषाद आरक्षण के मुद्दे पर सड़क पर उतरकर अपनी मांग उठा रहे थे।

क्या 2027 से पहले बदल रहा है पूर्वांचल का सियासी गणित?

अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा कई मायनों में समाजवादी पार्टी की बदली हुई चुनावी रणनीति का संकेत देता है। अब तक पीडीए के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश करने वाली सपा अगड़ी जातियों के बीच भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी दिखाई दे रही है। तिवारी परिवार से मुलाकात, बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण, टप्पू सिंह को पार्टी में शामिल कराना और निषाद समाज के नेताओं को याद करना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

वहीं, संजय निषाद का आरक्षण के मुद्दे पर हाईवे पर धरना देना एनडीए के भीतर सहयोगी दलों की राजनीतिक चुनौतियों को भी सामने लाता है।

पूर्वांचल में सियासी हलचल

इन घटनाओं का चुनावी नतीजों पर क्या असर पड़ेगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गोरखपुर में अखिलेश यादव ने ऐसा सियासी दांव चला है, जिसने बीजेपी और उसके सहयोगियों के सामने नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि योगी के गढ़ में शुरू हुई यह सियासी घेराबंदी आने वाले दिनों में पूर्वांचल की राजनीति को कितना बदल पाती है।

ये भी पढ़ें: UP में हैट्रिक के साथ बनेगा नया रिकॉर्ड… 2027 चुनाव से पहले योगी का बड़ा दावा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »