उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

डासना जेल से बाहर आए आजम खान, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत, पत्नी बोलीं- यह सच की जीत

आजम खान डासना जेल से रिहा हो गए। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने पर समर्थकों ने स्वागत किया। पत्नी तजीन फातमा ने इसे न्याय की जीत बताया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Azam Khan Bail: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान आखिरकार गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। बुधवार को गाजियाबाद की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अदालत में जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और उन्होंने आजम खान का स्वागत किया।

जमानत की औपचारिकताएं पूरी

अदालत ने रिहाई के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का निजी मुचलका जमा करने की शर्त रखी थी। शहनवाज और जुनैद ने जमानती के तौर पर दस्तावेज जमा कराए। दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की एफडी भी दाखिल की गई। इसके साथ जरूरी हलफनामा भी अदालत में प्रस्तुत किया गया।

पत्नी तजीन फातमा ने बताया न्याय की जीत

आजम खान की रिहाई पर उनकी पत्नी तजीन फातमा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा अल्लाह पर भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। तजीन फातमा ने आजम खान को रामपुर जेल से रिहा होने के तुरंत बाद ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने की घटना को अन्याय की इंतहा बताया। उन्होंने रिहाई को सच और न्याय की जीत बताते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया।

जमानत मिलने के बाद भी जेल में क्यों रहे आजम खान?

दरअसल, फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में राहत मिलने के बाद आजम खान जेल से बाहर आने वाले थे। इसी दौरान 31 अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया।

आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें हाईकोर्ट जाने की सलाह दी थी। इसके बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को उन्हें अंतरिम जमानत दे दी।

426 करोड़ रुपये के मामले में मिली राहत

यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े करीब 426 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं की जांच से जुड़ा है। हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और पीएमएलए की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ।

अदालत ने आजम खान को दो जमानती और निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होनी है। इस बीच ईडी ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन शीर्ष अदालत ने फिलहाल उनकी रिहाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़ें: आजम खान की जमानत पर ED का नया दांव, सुप्रीम कोर्ट पहुंची एजेंसी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »