भारत

जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा क्यों नहीं… नशे की समस्या पर भावुक हुए PM मोदी

मंत्रिपरिषद की बैठक में नशे की समस्या पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए। उन्होंने युवाओं को बचाने और नशामुक्त भारत बनाने पर जोर दिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Union Cabinet Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में देश में बढ़ती नशे की समस्या पर चर्चा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना देश की बड़ी जिम्मेदारी है। इस समस्या को खत्म करने के लिए सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे। पीएम मोदी ने कहा, “जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशे की समस्या भी खत्म हो सकती है।” साथ ही उन्होंने नक्सलवाद की दोबारा वापसी रोकने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया।

50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का जिक्र

बैठक में प्रधानमंत्री ने गरीबी कम करने की दिशा में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने 2014 में सरकार बनने के समय गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता देने की बात याद की। पीएम मोदी के मुताबिक, देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि गरीबी से बाहर निकले परिवार दोबारा आर्थिक संकट में न फंसें।

बचत की संस्कृति को बताया जरूरी

प्रधानमंत्री ने भारतीय समाज में बचत की परंपरा का जिक्र करते हुए लोगों को आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय सशक्तीकरण के लिए बचत की आदत महत्वपूर्ण है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए लोगों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

मंत्रिपरिषद की बैठक में हुईं तीन अहम प्रस्तुतियां

करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में तीन प्रमुख प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें गरीबी उन्मूलन, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और जनधन योजना के जरिए वित्तीय सशक्तीकरण जैसे विषय शामिल रहे।

गरीबी से जुड़े प्रेजेंटेशन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया। वित्त मंत्रालय, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों एवं विभागों के सचिवों ने सरकारी योजनाओं के प्रभाव की जानकारी दी।

सरकारी योजनाओं और सुधारों की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT), डिजिटल सुविधाओं और बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं से गरीब परिवारों को किस तरह लाभ मिला है।

इसके अलावा, देश को नक्सलवाद से मुक्त बनाने के प्रयासों और जनधन योजना की प्रगति पर भी प्रस्तुति दी गई। सितंबर में हुई चिंतन बैठक में तय लक्ष्यों और सुधारों की समीक्षा भी की गई। आसियान बैठक से लौटने के बाद प्रधानमंत्री बुधवार सुबह सीधे भारत मंडपम पहुंचे और मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें: UP में हैट्रिक के साथ बनेगा नया रिकॉर्ड… 2027 चुनाव से पहले योगी का बड़ा दावा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »