भारत

12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, फिक्की के मंच से PM मोदी ने बताई भारत की बदलती तस्वीर

फिक्की सम्मेलन में पीएम मोदी ने दावा किया कि पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए। उन्होंने इसका श्रेय बेहतर नीतियों और मेहनत को दिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

PM Modi from Bharat Mandapam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक महासभा और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों, कारोबारियों और नीति निर्माताओं को संबोधित करते हुए भारत की आर्थिक प्रगति और गरीबी उन्मूलन को लेकर बड़ा दावा किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 12 से 13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे भारत की बदलती आर्थिक स्थिति और सही नीतियों का परिणाम बताया।

‘पहले नीयत और नीतियों में थी कमी’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने 1970 के दशक में दिए गए ‘गरीबी हटाओ’ के नारे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। गरीबी खत्म करने का लक्ष्य तब भी रखा गया था, लेकिन नीतियों और सरकार की नीयत में कमी के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके।

पीएम मोदी ने कहा कि जब सरकार ने सही नीयत के साथ काम किया और नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया, तो महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा भारत की मौजूदा विकास यात्रा की दिशा को दर्शाता है।

लाइसेंस-कोटा राज से फ्रेजाइल फाइव तक का सफर

प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 100 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। भारत ने लाइसेंस-कोटा व्यवस्था और राष्ट्रीयकरण जैसे प्रयोगों का दौर देखा। इसके बाद एक समय ऐसा भी आया, जब भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया की ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने लगा।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत ने अपनी मेहनत से इस स्थिति को बदलने में अहम भूमिका निभाई है।

वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में विकास की रफ्तार तेज होने के साथ गरीबी से बाहर निकलने की गति भी बढ़ी है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी को पीछे छोड़ने में सफल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह देश की आर्थिक मजबूती और विकास की संभावनाओं को दर्शाता है। फिक्की के मंच से उन्होंने उद्योग जगत की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया और देश की प्रगति में कारोबारियों, उद्यमियों तथा श्रमिकों के योगदान को रेखांकित किया।

ये भी पढ़ें: जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा क्यों नहीं… नशे की समस्या पर भावुक हुए PM मोदी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »