Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ यौन हिंसा के मामले में पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। बमबावड़ गांव के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। खेत में वारदात कर आरोपी फरार जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने परिवार के साथ बादलपुर क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। इसी दौरान आरोपी रोहित, जो बच्ची का परिचित बताया जा रहा है, उसे अपने साथ खेतों की तरफ ले गया। आरोप है कि वहां बच्ची के साथ यौन हिंसा की गई। इसके बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल बच्ची की स्थिति ठीक है। उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। तलाश के दौरान बमबावड़ गांव के पास पुलिस का सामना आरोपी से हो गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान रोहित के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एक से ज्यादा लोगों की भूमिका का शक! इस मामले में पीड़ित परिवार ने एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घटना ने बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक आयोजनों में उनकी निगरानी को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। ये भी पढ़ें: ट्रक के नीचे बना रखा था गुप्त ठिकाना, डेढ़ करोड़ का गांजा लेकर जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार