Badalpur Police Action: ग्रेटर नोएडा में नशे के कारोबारियों ने तस्करी के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक न हो। ट्रक के नीचे डीजल टैंक जैसा दिखने वाला एक अलग हिस्सा तैयार किया गया था, जिसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। लेकिन बादलपुर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने इस चालाकी का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने ट्रक से करीब 177 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोका ट्रक डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से गांजे की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद बादलपुर थाना पुलिस और ANTF की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में अंबेडकर पास के सामने एक संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। ट्रक की जांच के दौरान उसके निचले हिस्से में अलग से बनाई गई बॉडी मिली। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया करीब 177 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने इस हिस्से को इस तरह तैयार कराया था कि वह सामान्य डीजल टैंक जैसा दिखाई देता था। ओडिशा से गुरुग्राम पहुंचाना था गांजा पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान और आसिफ के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, इरफान ट्रक का मालिक होने के साथ उसे चलाता भी था, जबकि आसिफ हेल्पर के तौर पर उसके साथ रहता था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा ओडिशा से लाया गया था और इसे गुरुग्राम पहुंचाना था। इसकी डिलीवरी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर की जानी थी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। अब सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा किसने मंगवाया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: घर से गायब हुए तीन बच्चे, 5 घंटे तक चली तलाश… फिर पुलिस ने किया कमाल