Greater Noida Police: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 4, 5 और 7 साल के तीन मासूम बच्चे अचानक घर से लापता हो गए। काफी देर तक बच्चों का कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। आखिरकार मामला सूरजपुर कस्बा चौकी पहुंचा। यहां पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 5 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिवार से मिला दिया। क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह तीनों बच्चे बिना किसी को बताए घर से कहीं चले गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घबराए परिजन सूरजपुर कस्बा चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पांच घंटे में मिली सफलता तीन छोटे बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी राधेश सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने पुलिस टीम के साथ तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। बच्चों की तलाश के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार पांच घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को देखते ही छलक पड़े परिजनों के आंसू लंबे इंतजार और चिंता के बाद जब माता-पिता ने अपने बच्चों को सुरक्षित देखा तो उनकी आंखें भर आईं। परिजनों ने सूरजपुर कस्बा चौकी पुलिस और चौकी प्रभारी राधेश सक्सेना का भावुक होकर धन्यवाद किया। नवनियुक्त चौकी प्रभारी और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग भी सराहना कर रहे हैं। पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर आपात स्थिति में तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: एक महीने से बंद नोएडा का एलिवेटेड रोड! आज खुलेगा रास्ता या बढ़ेगा इंतजार? IIT रुड़की की रिपोर्ट पर टिकी निगाहें