भारत

कश्मीर में लश्कर का आखिरी स्थानीय आतंकी ढेर! अमित शाह ने सुरक्षाबलों को किया सलाम

कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर के आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को कुलगाम में ढेर कर दिया। अमित शाह ने सेना, CRPF और पुलिस को सलाम किया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया गया। दावा किया जा रहा है कि वह घाटी में संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी था। इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की बहादुरी और आपसी तालमेल की जमकर तारीफ की है।

सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी

अमित शाह ने 18 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान में बुधवार तड़के कुलगाम में लश्कर के स्थानीय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया गया। इससे एक दिन पहले इसी इलाके में उसके साथी उमर निसार को भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया था।

गृह मंत्री ने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। उन्होंने देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के साहस को सलाम किया।

 पोस्ट में छिपा था खास संदेश

इस बड़ी सफलता पर CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘बधाई हो दोस्तों। कुछ डिशेज ठंडी सर्व करने में सबसे अच्छी लगती हैं, ठंड के मौसम में भी।’ उनका यह संदेश आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खास अंदाज में दिया गया जवाब माना जा रहा है।

आत्मसमर्पण की अपील के बावजूद नहीं बदला आतंकी का रुख

ऑपरेशन के दौरान सामने आए एक वीडियो में सेना के अधिकारी लतीफ भट से हथियार डालने और आत्मसमर्पण करने की अपील करते सुनाई दिए। अधिकारी ने उसे भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे उसके साथ हैं। हालांकि, अभियान का अंत आतंकी के मारे जाने के साथ हुआ।

TRF के नाम से फैलाता था आतंक

जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम से हमलों को अंजाम देने में सक्रिय था। सोमवार को ऑपरेशन के पहले दिन उमर निसार मारा गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने CCTV फुटेज के जरिए अखरान हमले में उमर की भूमिका और लतीफ के दोबारा सक्रिय होने से जुड़ी जानकारी भी सामने रखी थी।

बताया जाता है कि पाकिस्तान में बैठे लश्कर के आकाओं के निर्देश पर लतीफ घाटी में स्थानीय नेटवर्क मजबूत करने में जुटा था। उसकी मौजूदगी को आतंकी संगठन के लिए अहम माना जा रहा था। ऐसे में इस कार्रवाई को कश्मीर में लश्कर के स्थानीय नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण से मिली राहत, GRAP-3 हटा! जानिए अब किन पाबंदियों से मिलेगी छूट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »