Shahdara Building Collapse: दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। विवेक विहार फेज-2 में एक ढाई मंजिला मकान का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब छह लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी। वहीं, हादसे में पहले दो लोगों की मौत की खबर सामने आई, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर चार होने की सूचना मिली। सुबह 10 बजे के आसपास हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक मकान का ऊपरी हिस्सा ढह चुका था और चारों तरफ धूल का गुबार फैला हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। फायर डिपार्टमेंट को सुबह करीब 10:13 बजे हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। दिल्ली पुलिस और रेस्क्यू टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान में परेशानी बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह पर गलियां काफी संकरी हैं, जिसकी वजह से राहत और बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे में स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और दमकलकर्मियों के साथ मिलकर मलबा हटाने में मदद की। मलबे से निकाले गए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। आखिर कैसे ढहा मकान? फिलहाल मकान गिरने की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतकों की संख्या को लेकर भी अलग-अलग अपडेट सामने आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में दो भीषण हादसे: टिहरी में यात्रियों से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 6 की मौत, रुद्रप्रयाग में 4 की जान गई