भारत

दिल्ली-NCR में प्रदूषण से मिली राहत, GRAP-3 हटा! जानिए अब किन पाबंदियों से मिलेगी छूट

दिल्ली-NCR में AQI घटकर 204 पहुंचने के बाद CAQM ने GRAP-3 हटा दिया है। निर्माण कार्यों को राहत मिलेगी, लेकिन GRAP-1 और GRAP-2 के प्रतिबंध जारी रहेंगे।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Delhi Air Quality: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला किया है। मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) घटकर 204 पर पहुंच गया। प्रदूषण के आंकड़ों में लगातार गिरावट को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

कुछ पाबंदियां रहेंगी जारी

हालांकि, GRAP-3 हटने का मतलब यह नहीं है कि प्रदूषण से जुड़े सभी प्रतिबंध खत्म हो गए हैं। दिल्ली-एनसीआर में GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू पाबंदियां पहले की तरह जारी रहेंगी। ऐसे में लोगों को अभी भी वायु प्रदूषण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

किन कामों पर लगी थी रोक?

GRAP-3 लागू रहने के दौरान पूरे एनसीआर में धूल और प्रदूषण फैलाने वाली निर्माण गतिविधियों पर सख्ती की गई थी। इसके तहत खुदाई, मिट्टी भराई, बोरिंग, ड्रिलिंग, पाइलिंग और इमारतों को तोड़ने जैसे कामों पर रोक थी।

इसके अलावा सीवर, पानी और ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए ओपन ट्रेंच सिस्टम से होने वाले काम भी प्रतिबंधित थे। ईंट-चिनाई, बड़े स्तर पर वेल्डिंग और गैस कटिंग, सड़क निर्माण तथा प्रमुख मरम्मत कार्यों पर भी पाबंदी लगाई गई थी।

निर्माण स्थलों पर सीमेंट, फ्लाई ऐश, ईंट, रेत और पत्थर जैसी धूल पैदा करने वाली सामग्री की लोडिंग-अनलोडिंग और आवाजाही पर भी रोक थी। कच्ची सड़कों से निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों और निर्माण मलबे के परिवहन को भी प्रतिबंधित किया गया था।

क्या है GRAP का चार चरणों वाला नियम?

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति के अनुसार GRAP के चार चरण लागू किए जाते हैं।

  • GRAP-1: AQI 201 से 300 के बीच।
  • GRAP-2: AQI 301 से 400 के बीच।
  • GRAP-3: AQI 401 से 450 के बीच।
  • GRAP-4: AQI 450 से ऊपर।

फिलहाल GRAP-3 हटने से निर्माण और अन्य गतिविधियों पर लगी इससे जुड़ी पाबंदियों में राहत मिल सकती है। हालांकि, GRAP-1 और GRAP-2 के नियम जारी रहेंगे। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर कितना सुधरता है।

ये भी पढ़ें: विवेक विहार में मौत का मलबा! ढहा ढाई मंजिला मकान, मौतों का आंकड़ा 4 तक पहुंचने की खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »