Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए फर्जी वोट जुड़वाने की आशंका जताई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि मतदाता सूची में शामिल होने वाले हर नए नाम पर पार्टी की नजर रहेगी। अगर किसी तरह की गड़बड़ी सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। फर्जी वोटों का आरोप अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी संभावित हार को देखते हुए कथित तौर पर विशेष अभियान के जरिए फर्जी वोट जुड़वाने की कोशिश कर रही है। ‘फ़ार्म छह’ की किसी भी गड़बड़ी के लिए जनता भाजपाइयों व भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी। भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा। भाजपाई और उनके षड्यंत्रजीवी संगी-साथी उप्र में अपनी हार सामने देखकर विशेष ख़ुफ़िया मुहिम चलाकर ASDD अर्थात ‘Absent, Shifted, Dead or Duplicate’ मतलब ‘अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे’ नाम के ज़रिए नक़ली वोट जोड़ने की जो साज़िश कर रहे हैं, उस पर हर एक बूथ से लेकर निर्वाचन आयोग तक हमारे बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित व संभावित प्रत्याशी, प्रदेश से लेकर जिला व विधानसभा स्तर तथा हर वाहिनी के हर पदाधिकारी, पार्टी के सदस्य, समर्थक व शुभचिंतक की हर एक नये वोट पर पैनी-गहरी नज़र रहेगी। हमने ऐसी व्यवस्था की है कि हर सजग नागरिक अपने पड़ोस के नये जुड़नेवाले वोट पर निगाह रखे। हम एक-एक वोट का हिसाब भी माँगेंगे और अंश मात्र भी बेईमानी होने पर वोट को जुड़ने नहीं देंगे, और किसी तरह जुड़ भी गया तो उसके लिए ज़िम्मेदार अधिकारी के ख़िलाफ़ सबूत सहित तत्काल रिपोर्ट लिखवाकर उसको नौकरी से बर्ख़ास्त भी कराएंगे, पेंशन व फ़ंड भी रुकवाएँगे और सज़ा भी दिलवाएँगे। भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर ग़ैरक़ानूनी रूप से नाम जुड़वाने की जो चाल चल रही है उसके ख़िलाफ़ एक-एक सबूत जुटाया जाएगा और एफ़आइआर भी कराई जाएगी। इस लोकतांत्रिक अपराध में संलिप्त हर किसी के विरुध्द मुक़दमा दर्ज़ करवाकर सज़ा दिलवाई जाएगी। जब मुक़दमा चलेगा और सज़ा होगी तो कोई भाजपाई इन दोषी अधिकारियों को बचाने नहीं आएगा। अधिकारी याद रखें भाजपा किसी की सगी नहीं है। जब जेल में सज़ा भुगतते हुए ये भ्रष्ट अधिकारी अकेले में बैठकर अपने किये पर पछता रहे होंगे उसी समय जेल के बाहर उनके परिवार के लोग अपने रिश्तेदारों, मित्रों की उलाहना व कटाक्ष झेल रहे होंगे। जो भ्रष्ट अधिकारी ये सोच रहे हैं कि उन्होंने इतना कमा लिया है कि सात पुश्तें बैठकर खाएंगी तो वो ये याद रखें कि उनकी बेतहाशा बढ़ती ज़मीन-जायदाद पर भी जनता की निगाह है, जब जाँच होगी तो क़ानून उसकी नाजायज़ संपत्ति भी उनसे छीन लेगा। जनता की स्पष्ट चेतावनी है : न कोई बेईमान बचेगा, न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा। जय संविधान-जय हिंदुस्तान! @ECISVEEP @ceoup — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 17, 2026 हर नए वोट पर रहेगी नजर सपा प्रमुख ने ASDD यानी Absent, Shifted, Dead or Duplicate श्रेणी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे नामों के जरिए मतदाता सूची में गड़बड़ी की साजिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि पार्टी के बूथ प्रभारी, PDA प्रहरी, संभावित उम्मीदवार और संगठन के अन्य पदाधिकारी बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक नए जुड़ने वाले नामों की निगरानी करेंगे। अखिलेश ने आम नागरिकों से भी अपने आसपास जुड़ने वाले नए मतदाताओं के नामों पर नजर रखने की अपील की। उनका कहना है कि किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराई जाएगी। अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी सपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि कथित गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के साथ बर्खास्तगी की मांग की जाएगी। उन्होंने पेंशन और फंड रोकने तथा दोषियों को सजा दिलाने की बात भी कही। साथ ही अधिकारियों की कथित अवैध संपत्ति की जांच कराने की चेतावनी दी। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में वोटर लिस्ट को लेकर बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग और बीजेपी इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले राहुल गांधी का बड़ा दांव! अखिलेश के साथ सीटों पर क्या होगा फॉर्मूला?