विदेश

शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में विस्फोटक हालात! लॉकडाउन का ऐलान, थानों में आगजनी और सड़कों पर बवाल

शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले बांग्लादेश में तनाव चरम पर है। अवामी लीग के लॉकडाउन ऐलान के बीच बम धमाके, आगजनी और पुलिस से झड़पों ने हालात बिगाड़े।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Bangladesh Awami League: बांग्लादेश में एक बार फिर सियासी तनाव चरम पर पहुंच गया है। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। दूसरी तरफ आगजनी, देसी बम धमाकों, पुलिस से झड़प और मजदूरों के आंदोलन ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या शेख हसीना की संभावित वापसी देश में नए राजनीतिक संघर्ष की वजह बनेगी?

अवामी लीग का देशव्यापी लॉकडाउन

बांग्लादेश में 2024 के छात्र आंदोलन के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ था, लेकिन करीब दो साल बाद एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती दिखाई दे रही है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से शाम तक देशव्यापी ‘डॉन-टू-डस्क लॉकडाउन’ का आह्वान किया है। पार्टी ने 14 से 19 नवंबर तक पांच दिवसीय विरोध अभियान शुरू किया है।

आठ मांगों पर उठी आवाज

अवामी लीग की प्रमुख मांगों में पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल को खत्म करना और कथित झूठे मुकदमों को वापस लेना शामिल है। इसके अलावा महंगाई पर नियंत्रण और बंद औद्योगिक इकाइयों को दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई गई है।लॉकडाउन के दौरान परिवहन, बाजार, बैंक, सरकारी कार्यालय, अदालत और शिक्षण संस्थान बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पताल, एंबुलेंस, दवा की दुकानें, दमकल सेवाएं और मीडिया को इससे छूट दी गई है।

हसीना के गढ़ गोपालगंज में सबसे ज्यादा बवाल

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों की सक्रियता बढ़ गई है। यहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़े और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया। पुलिस वाहनों और एक पुलिस बॉक्स में तोड़फोड़ के साथ शेख कमल स्टेडियम के पास जुलाई मेमोरियल में आगजनी की घटना भी सामने आई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के कई घरों पर हमले किए गए। तुंगीपारा में बीएनपी के स्थानीय नेता इमदादुल हक मोल्ला के घर में लूटपाट और आगजनी की गई। इस दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गया।

थाने पर हमला और कैदियों को छुड़ाने का आरोप

मंगलवार को तुंगीपारा में अवामी लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद तनाव और बढ़ गया। मस्जिद के लाउडस्पीकर से घोषणा के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हुए। आरोप है कि भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ की, वाहनों और इमारत में आग लगा दी। इस दौरान कुछ बंदियों को छुड़ाने और पुलिस के हथियार लूटने की घटनाएं भी सामने आईं। रिपोर्टों के अनुसार, थाने के नौ पुलिस वाहन और 15 मोटरसाइकिलें आग की चपेट में आ गईं। बाद में पुलिस ने कुछ लूटे गए हथियार बरामद करने की जानकारी दी।

28 जिलों में धमाके

हिंसा का असर गोपालगंज से निकलकर दूसरे इलाकों तक पहुंच गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, 7 से 9 नवंबर के बीच कम से कम 19 बसों में आग लगाई गई और 29 स्थानों पर देसी बम धमाकों की सूचना मिली। ढाका यूनिवर्सिटी और हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास भी धमाकों की घटनाएं सामने आईं। वहीं, गाजीपुर, सावर और आशुलिया में गारमेंट फैक्ट्रियों के मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इन आंदोलनों के कारण हाईवे जाम और पुलिस के साथ झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं।

दिसंबर में लौट सकती हैं शेख हसीना?

इस पूरे घटनाक्रम के बीच शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, हसीना ने कई इंटरव्यू में दिसंबर तक बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि उनकी वापसी की तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी और वह भारत आ गई थीं। इसके बाद मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी, जिसने अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया।

हसीना की वापसी पर सस्पेंस

फिलहाल बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने भी पार्टी नेताओं से राजनीतिक रूप से अवामी लीग की गतिविधियों का मुकाबला करने को कहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अवामी लीग का लॉकडाउन आंदोलन कितना व्यापक होगा और क्या दिसंबर में शेख हसीना की संभावित वापसी बांग्लादेश की राजनीति में कोई नया मोड़ लाएगी?

ये भी पढ़ें: ASEAN समिट में PM मोदी का बड़ा संदेश, बोले- दुनिया को टकराव नहीं, शांति और स्थिरता की जरूरत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »