Gold-Silver Price Drop: सोना और चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार को सोने का भाव करीब एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत में भी लगभग 10 हजार रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना-चांदी के दाम धड़ाम इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, शुक्रवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 5,947 रुपये सस्ता होकर 1,23,000 रुपये के करीब पहुंच गया। इस गिरावट के बाद सोने का भाव पिछले साल 24 नवंबर के स्तर के आसपास आ गया है। उस समय 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,23,308 रुपये थी। वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को एक किलो चांदी का भाव 9,789 रुपये टूटकर करीब 1.50 लाख रुपये पर पहुंच गया। आखिर क्यों गिर रहे सोने-चांदी के दाम? बाजार में आई इस गिरावट के पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ऊंचे भाव पर निवेशकों की मुनाफावसूली को प्रमुख वजह माना जा रहा है। इन कारणों से सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। अपने रिकॉर्ड स्तर से कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी? इस साल दोनों धातुओं की कीमतों में पहले तेज उछाल आया था। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपये था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा भाव के मुकाबले यह करीब 30 फीसदी नीचे आ चुका है। इसी तरह, 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी। 29 जनवरी को इसका भाव बढ़कर 3.80 लाख रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। अब यह करीब 1.50 लाख रुपये पर आ गई है। अलग-अलग शहरों में क्यों बदलते हैं भाव? सोने-चांदी की कीमत हर शहर में एक जैसी नहीं होती। इसके पीछे परिवहन और सुरक्षा का खर्च, स्थानीय मांग-सप्लाई, ज्वेलरी एसोसिएशन की दरें और कारोबारियों के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत जैसे कारण होते हैं। सोना-चांदी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क और HUID नंबर जरूर जांचें। साथ ही 22, 24 और 18 कैरेट के भाव में अंतर समझकर खरीदारी करें। चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता और हॉलमार्क की जांच करना जरूरी है। केवल घरेलू मैग्नेट या आइस टेस्ट के आधार पर चांदी की असलियत तय नहीं की जा सकती। ये भी पढ़ें: सोना ₹1.30 लाख के नीचे फिसला, चांदी में भी भारी गिरावट! 7 दिन में हजारों रुपये टूटे, क्या अब खरीदारी का सही मौका?