Ayodhya Ayutthaya Expedition 2027: भारत और थाईलैंड के बीच दोस्ती के 80 साल पूरे होने पर एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की तैयारी हो रही है, जो सैन्य शक्ति के साथ दोनों देशों की साझा संस्कृति और विरासत को भी दुनिया के सामने लाएगी। 'अयोध्या-अयुत्या ट्राई-सर्विसेज हेरिटेज मोटरसाइकिल अभियान 2027' के तहत भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के जवान अयोध्या से थाईलैंड के अयुत्या तक मोटरसाइकिल यात्रा करेंगे। इस अभियान की जानकारी संयोजक राहुल लक्ष्मण पाटिल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को मुलाकात के दौरान दी। राज्यपाल को बताया अभियान का पूरा विजन रांची में हुई इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी (आईएएस) भी मौजूद रहे। राहुल लक्ष्मण पाटिल ने राज्यपाल को अभियान के उद्देश्य, तैयारियों और इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह पहल भारत और थाईलैंड के राजनयिक संबंधों की 80वीं वर्षगांठ को समर्पित है। रामायण और बौद्ध विरासत बनेगी यात्रा का केंद्र यह अभियान सिर्फ मोटरसाइकिल यात्रा नहीं, बल्कि दोनों देशों के सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों को सामने लाने का प्रयास है। इसमें भारत की रामायण परंपरा और थाईलैंड के प्रसिद्ध महाकाव्य 'रामाकियन' के साझा संबंधों को प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही भारत से दक्षिण-पूर्व एशिया तक बौद्ध धर्म के प्रसार और दोनों सभ्यताओं की साझा विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस पहल के जरिए भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और सांस्कृतिक कूटनीति को भी मजबूती देने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान लोगों के बीच आपसी संपर्क, सांस्कृतिक सहयोग और दोनों देशों की मित्रता को बढ़ावा देने का मंच बनेगा। तीनों सेनाओं की एकजुटता का दिखेगा दम इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें भारतीय सशस्त्र बलों की तीनों शाखाओं के जवान एक साथ हिस्सा लेंगे। थल सेना, नौसेना और वायु सेना की संयुक्त भागीदारी से आपसी तालमेल, अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। 2027 में प्रस्तावित यह यात्रा सैन्य सहयोग और सांस्कृतिक विरासत को एक सूत्र में पिरोने की कोशिश है। अब देखना होगा कि अयोध्या से शुरू होकर अयुत्या तक पहुंचने वाला यह अभियान भारत-थाईलैंड की दोस्ती को अंतरराष्ट्रीय मंच पर किस नई पहचान तक ले जाता है।