Noida Ground Report: ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। हिंडन नदी के किनारे खेतों में उगाई जा रही हरी सब्जियों की सिंचाई कथित तौर पर नदी के दूषित पानी से की जा रही है। जिस सब्जी को लोग सेहत बनाने के लिए अपनी थाली में शामिल करते हैं, वही उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। दूषित पानी से खेती इंडिया हेडलाइन टीवी की टीम ने कुलेसरा में हिंडन नदी के आसपास पहुंचकर इस पूरे मामले की पड़ताल की। मौके पर देखा गया कि नदी से बड़े-बड़े पाइप और मोटर पंप के जरिए पानी निकालकर खेतों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी पानी से खेतों में पालक, धनिया और दूसरी हरी सब्जियां उगाई जा रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिंडन नदी का पानी लंबे समय से प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। नदी में आसपास की कॉलोनियों का गंदा पानी बहकर पहुंचता है। इसके अलावा नदी के किनारे जगह-जगह कचरे के ढेर भी दिखाई देते हैं। ऐसे में नदी के पानी का खेती में इस्तेमाल किए जाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसान ने भी उठाई नदी की सफाई की मांग पड़ताल के दौरान इंडिया हेडलाइन टीवी की टीम ने खेतों में खेती कर रहे एक किसान से बातचीत की। किसान ने भी माना कि हिंडन नदी का पानी दूषित है। उन्होंने नदी की सफाई और उसे स्वच्छ रखने की मांग उठाई, ताकि किसान साफ पानी से खेती कर सकें। सबसे बड़ा सवाल यह है कि दूषित पानी से उगाई जा रही इन सब्जियों की गुणवत्ता की जांच कौन कर रहा है? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी है? क्या खेतों में इस्तेमाल हो रहे पानी और सब्जियों के नमूनों की जांच कराई जाएगी? जांच और कार्रवाई का इंतजार फिलहाल इस मामले में पानी और सब्जियों की वैज्ञानिक जांच जरूरी है, ताकि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति और लोगों की सेहत पर संभावित खतरे का पता चल सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कब कार्रवाई करते हैं। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में 24 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोजर! सहारा समतल में अवैध मकान और दुकानें जमींदोज