Banda News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बांदा पहुंचे कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी में संभावित वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर सपा निषाद समाज की शर्तें मान लेती है, तो घर वापसी का रास्ता खुल सकता है। निषाद हितों पर सियासत संजय निषाद ने कहा कि राजनीति में कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता। निषाद समाज उसी दल का समर्थन करेगा, जो उसके आरक्षण, शिक्षा और रोजगार से जुड़े अधिकारों की बात करेगा। उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा पर आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए इन दलों ने समाज के हितों की अनदेखी की और उसके हक के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। NDA में 37 सीटों की मांग मंत्री ने एनडीए के साथ अपने मौजूदा जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि निषाद समाज फिलहाल निषाद पार्टी और एनडीए के साथ है। उन्होंने अलग मत्स्य मंत्रालय के गठन, बजट और शिक्षा-विकास से जुड़ी योजनाओं को समाज के लिए अहम कदम बताया। वहीं, विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भी संजय निषाद ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने करीब 37 सीटों की मांग की है। इनमें कुछ सीटों पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी दावा कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला एनडीए का शीर्ष नेतृत्व करेगा। सीटों पर सख्त रुख संजय निषाद ने चेतावनी भरे अंदाज में यह भी कहा कि अगर उनकी पार्टी की सीटें कम की गईं, तो पार्टी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी। ऐसे में 2027 से पहले निषाद पार्टी की अगली राजनीतिक चाल पर सबकी नजरें रहेंगी। रिपोर्ट- अभिषेक शुक्ला ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में 24 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोजर! सहारा समतल में अवैध मकान और दुकानें जमींदोज