उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का हल्लाबोल! 10% प्लॉट और आबादी के मुद्दे पर घेराव, अधिकारियों से मांगा जवाब

नोएडा में सैकड़ों किसानों ने सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण कार्यालय घेरा। 10 प्रतिशत प्लॉट, आबादी निस्तारण और हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की मांग पर प्रदर्शन जारी।

Noida Development Authority: नोएडा में अपनी मांगों को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। सोमवार को भारतीय किसान परिषद के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान नेता सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने 10 प्रतिशत प्लॉट, आबादी के पूर्ण निस्तारण और हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की मांग उठाई। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

लंबे इंतजार के बाद प्राधिकरण से जवाब मांगने पहुंचे किसान

किसान पैदल मार्च करते हुए सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने आरोप लगाया कि किसान लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण की ओर से केवल आश्वासन मिल रहे हैं। अब तक मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।

खलीफा ने कहा कि हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट भी नहीं मिले हैं। किसानों ने अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर उनकी समस्याओं का समाधान कब होगा।

आबादी के बंटवारे और प्लॉट आवंटन पर नाराजगी

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आबादी के निस्तारण के नाम पर किसानों की मूल आबादी को बांटा जा रहा है। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।

किसानों ने कमर्शियल गतिविधियों से जुड़ी मांगों के साथ 5 प्रतिशत और 10 प्रतिशत प्लॉट आवंटन के मामलों को भी उठाया। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर भी अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

कमेटी की सिफारिश के बावजूद नहीं मिला लाभ

किसानों ने ठाकुर जयवीर सिंह की अध्यक्षता में गठित कमेटी का हवाला देते हुए कहा कि कमेटी ने 10 प्रतिशत प्लॉट देने के पक्ष में सकारात्मक सिफारिश की थी। इसके बावजूद उस पर अमल नहीं किया गया।

किसानों ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि किसानों के इस आंदोलन के बाद नोएडा प्राधिकरण क्या कदम उठाता है।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

ये भी पढ़ें: पुलिस कमिश्नरेट के पास ही चोरों का तांडव! नोएडा के सेक्टर-105 में पांच घरों को बनाया निशाना, CCTV फुटेज वायरल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »