उत्तर प्रदेशनोएडा

मेंटिनेंस देने पर भी नहीं सुनी गई शिकायतें! पंचशील हाइनिश में बवाल, देर रात दो पक्षों में मारपीट

ग्रेटर नोएडा की पंचशील हाइनिश सोसायटी में एओए के खिलाफ प्रदर्शन के बाद देर रात दो पक्ष भिड़ गए। महिलाओं से अभद्रता और मारपीट के आरोपों की पुलिस जांच जारी है।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील हाइनिश सोसायटी में एओए और निवासियों के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को एओए के खिलाफ बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। निवासियों ने पदाधिकारियों पर मनमानी, शिकायतों की अनदेखी और महिलाओं के साथ अभद्रता करने के आरोप लगाए। मामला इतना बढ़ा कि लोग बिसरख थाने पहुंच गए। इसके बावजूद देर रात विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।

एओए के खिलाफ सड़क पर उतरे निवासी

प्रदर्शन कर रहे सोसायटीवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से मेंटिनेंस शुल्क जमा करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। आरोप है कि एओए पदाधिकारी निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते और सुरक्षाकर्मियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश करते हैं।

बताया जा रहा है कि सोसायटी में एक पोस्टर पर काला रंग लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसके बाद मामला बढ़ता चला गया। प्रदर्शनकारियों ने एओए के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद नए चुनाव नहीं कराए गए हैं और पदाधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं।

महिलाओं से अभद्रता का आरोप

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया। बढ़ते विवाद के बीच बड़ी संख्या में निवासी बिसरख थाने पहुंचे और घेराव कर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले में जांच और कार्रवाई शुरू की।

देर रात फिर भिड़े दोनों पक्ष

शिकायत के बाद भी सोसायटी में तनाव कम नहीं हुआ। देर रात एओए और निवासियों से जुड़े दो पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान एक निवासी के कपड़े भी फाड़ दिए गए।

घटना के बाद सोसायटी में तनाव का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में विवाद की असली वजह और दोनों पक्षों की भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।

ये भी पढ़ें: जेवर एयरपोर्ट से फरवरी 2027 में उड़ान भरेगी पहली इंटरनेशनल फ्लाइट! जानिए पूरा प्लान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »